google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

Cm Yogi Adityanath ने महाराष्ट्र में कही ऐसी बात जिससे पाकिस्तान में मची है खलबली...



जनता भी जानती है, आएंगे तो मोदी हीः सीएम योगी

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र में भाजपा के पक्ष में किया चुनाव प्रचार

सीएम योगी ने वर्धा से भाजपा प्रत्याशी रामदास चंद्रभांजी ताड़स के लिए मांगा जनसमर्थन

महाराष्ट्र के जनमानस से आई आवाज, देश में दो ही नाम-मोदी और योगी

यहां पालघर में संतों की हत्या हो गई, यूपी में कोई किया तो उल्टा टांग देंगेः योगी

बोले- मुंबई पर हमला करने वाले आतंकी अब पाकिस्तान में भी सुरक्षित नहीं

आह्वान- राष्ट्र के साथ जुड़े महाराष्ट्र की आवाज


वर्धा, 8 अप्रैलः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर-दक्षिण, पूरब-पश्चिम हर ओर पूरे देश में एक ही भाव है। आजादी के बाद संभवतः यह पहला आम चुनाव है, जिसके परिणाम के बारे में जनता अवगत है कि आएंगे तो मोदी ही। 10 वर्ष में मोदी जी ने भारत को पहचान, सुरक्षा, सम्मान, समृद्धि दी है, गरीब कल्याण के अनेक कार्यक्रम किए हैं। इन्हें ध्यान में रखकर विश्वास से कह सकता हूं कि फिर से आएंगे तो मोदी ही।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को महाराष्ट्र दौरे पर रहे। यहां उन्होंने कमल खिलाने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली जनसभा वर्धा से सांसद व भाजपा प्रत्याशी रामदास चंद्रभांजी तड़स के लिए की। सीएम ने महाराष्ट्रवासियों को भारतीय नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि आजादी का नेतृत्व करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने वर्धा की इस पावन धरा को अपनी कर्मभूमि बनाया था। यहां के जरिए उस समय देश के अंदर विदेशी हुकुमूत के चूलों को हिलाने के लिए जो अभियान प्रारंभ किया गया था, महाराष्ट्र की जनता ने उसके जरिए भारत की स्वाधीनता को नई ऊंचाइयां प्रदान करने में योगदान दिया।


मुंबई पर हमला करने वाले आतंकी अब पाकिस्तान में भी सुरक्षित नहीं



सीएम ने कहा कि लोग गर्व से मानते हैं कि भारत दुनिया का सिरमौर है, लेकिन 2014 के पहले ऐसा नहीं था। पहले दुश्मन देश भारत की सीमाओं में घुसते थे। सीमाओं का अतिक्रमण होता था। सरकारें आंखें बंद कर लेती थीं पर अब ऐसा नहीं होता। चार दिन पहले ब्रिटेन का प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'द गार्डियन' पढ़ रहा था। इसमें बताया कि पाकिस्तान के अंदर चुन-चुनकर20 दुर्दांत आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तान इसका शक भारत पर जता रहा है। इसका आशय जिस पाकिस्तान में मुंबई विस्फोट के अपराधी व आतंकवादी छिपे हों, उस पाकिस्तान में भी अब आतंकी सुरक्षित नहीं हैं। यह बात दुनिया भी स्वीकार कर ली है। भारत की लड़ाई में दुनिया साथ खड़ी है।


अब पटाखा भी फूटता है तो पाकिस्तान पहले सफाई देता है कि हमारा हाथ नहीं है


सीएम योगी ने कहा कि देश के अंदर आतंकी गिरोह अब दुस्साहस भी नहीं कर सकता है। स्थानीय स्तर पर यदि पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान पहले ही सफाई देता है कि हमारा हाथ नहीं है, जबकि पहले वह सीना तानकर बोलता था। अब उसे पता है कि मोदी जी की सरकार पाकिस्तान में घुसकर काम तमाम कर देगी। भारत में आतंकवाद की सबसे बड़ी जड़ कश्मीर से धारा-370 समाप्त हो गई। जो काम 1952 से 2014 तक नहीं हुआ, वह मोदी जी ने एक झटके में कर दिया। मोदी जी ने तीन तलाक की कुप्रथा पर रोक लगा दी। बाबा साहेब के पंच तीर्थ का निर्माण भी करा दिया।


राष्ट्र की आवाज से महाराष्ट्र को भी जुड़ जाना चाहिए


सीएम ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं का भारत में कोई सानी नहीं है। पहले चार करोड़ गरीबों को आवास, फिर अयोध्या में रामलला को राममंदिर के रूप में भव्य आवास दिया। रामदास जी ने लॉजिस्टिक का बेहतरीन हब बनाया है। यह काम भी मोदी जी के नेतृत्व में बेहतरीन ढंग से किया गया है। इससे हजारों लोगों को नौकरी व सिटी को पहचान मिलेगी। राष्ट्र की आवाज से महाराष्ट्र की आवाज को जुड़ जाना चाहिए। 400 पार के लिए महाराष्ट्र की सभी सीटों पर भाजपा, शिवसेना व एनसीपी गठबंधन के प्रत्याशियों को जीतना होगा। सीएम ने चुनाव के पश्चात अयोध्या में दर्शन करने आने का भी निमंत्रण दिया।


छत्रपति शिवाजी हों या बाला साहब ठाकरे, सबका सपना हो रहा साकार


सीएम ने कहा कि तीन तलाक समाप्त हो, यह सपना बाला साहेब ठाकरे जी का भी था। छत्रपति महराज का हिंदवी स्वराज आज देखने को मिल रहा है। उनका सपना था कि भारत का अपना शासन और आराध्य देवों का सम्मान होगा। भारत की बेटियों को सुरक्षा व देश को समृद्धि की नई ऊंचाई तक पहुंचाने का कार्य होगा। मोदी जी उसी भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए व भाजपा सरकार भारत को ग्लोबल पावर के रूप में स्थापित करना चाहती है।



यहां पालघर में संतों की हत्या हो गई, यूपी में कोई किया तो उल्टा टांग देंगे


सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष के पास नेता, नीति व नीयत भी नहीं है। 2017 में मुझे यूपी के मुख्यमंत्री का दायित्व दे दिया गया। 25 करोड़ की आबादी वाले यूपी में कर्फ्यू पर अब ताला लगा दिया गया, जबकि भाजपा सरकार आने के पहले वहां भी दंगा व कर्फ्यू लगता था। यहां पालघर में तीन संतों की हत्या कर दी गई, यूपी में कोई किया तो उसे उल्टा टांग देंगे। यूपी में कर्फ्यू नहीं, शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा निकलती है। कुंभ में करोड़ों लोग भाग लेते हैं और अयोध्या धाम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं, फिर भी वहां सब कुछ शांति से निपट रहा है।


बोल पड़ा महाराष्ट्र- देश में दो ही नाम


वर्धा की जनसभा के दौरान मंच संचालक ने कहा कि देश में आज दो ही नाम है। पहला मोदी जी का और दूसरा किसका, इस पर महाराष्ट्र के जनमानस ने जोरदार आवाज लगाई-- योगी-योगी, योगी-योगी।


 

प्रधानमंत्री मोदी पूरा कर रहे छत्रपति शिवाजी और बाला साहब ठाकरे का सपना : योगी आदित्यनाथ



- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भंडारा (महाराष्ट्र) में जनसभा को किया संबोधित

- बीजेपी प्रत्याशी सुनील मेढ़े के लिए मुख्यमंत्री ने किया विशाल जनसभा को संबोधित

- बोले योगी - दंगा करने वालों को पता है यूपी में उलटा लटका दिये जाएंगे

- शिवाजी चाहते थे देश में देश का आदमी शासन करे कोई विदेशी नहीं : योगी

- हमने तुष्टिकरण नहीं संतुष्टि के आधार पर किया काम : योगी आदित्यनाथ


भंडारा, 8 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि छत्रपति शिवाजी और बाला साहब ठाकरे के सपनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जिसे पहले उपद्रव प्रदेश कहा जाता था, आज वहां कानून का राज स्थापित हो चुका है। दंगा करने वाले दंगा करना भूल चुके हैं क्योंकि उन्हें पता है कि दंगा किया तो उलटा लटका दिये जाएंगे। हमने जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर तुष्टिकरण नहीं जनता की संतुष्टि के आधार पर काम किया है। योगी आदित्यनाथ सोमवार को यहां भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुनील मेंढे के प्रचार अभियान की कमान संभालते हुए विशाल जनसभा को संबोधित किया।


उन्होंने कहा कि मध्यकाल में जब यह देश मुगल आक्रांताओं की कुदृष्टि से त्रस्त था तो महाराष्ट्र में एक शक्तिपुंज के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज की स्थापना करते हुए पूरे हिन्दुस्तान को एक नई ज्योति और नई ऊर्जा दी। महाराष्ट्र से निकले उस तेज की आज भी पूरे देश में गूंज है। प्रत्येक भारतवासी के मन में छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति अपार श्रद्धा का भाव है। जब भी भारत में राष्ट्रीयता की बात होती है तो छत्रपति शिवाजी को लेकर हर भारतीय गर्व की भावना से भर जाता है। इसी भाव को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार काम कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व यूपी में बहुत उत्साह से मनाया जाता है। हमारे यहां होली में गांव गांव में गीत गये जाते हैं कि 'होली खेले रघुबीरा, अवध में होली खेले...' यानी भगवान राम अयोध्या में होली खेल रहे हैं। 500 साल से अयोध्या में श्रीराम ने होली नहीं खेली। पहली बार इस साल अयोध्या में श्रीराम ने अवध में होली खेली। यही सपना था छत्रपति शिवाजी का। इसी सपने को साकार करने के लिए बाला साहब ठाकरे जी ने पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। बाला साहब के सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार काम कर रही है।


उन्होंने कहा कि जिन मूल्यों के लिए बाबा साहब डॉ भीम राव अंबेडकर जी ने देश के संविधान के शिल्पी के रूप में भारत को नई दृष्टि दी थी, वही भाव आज भी एनडीए सरकार के कार्यों में परिलक्षित होता है। यूपी में आप देख रहे हैं कि वहां किस प्रकार का माहौल है। उसके बारे मे कहा जाता था कि वो उपद्रव प्रदेश है, वहां हर दूसरे दिन दंगे हुआ करते थे, महीनों तक कर्फ्यू लगा करते थे। आज वहां उत्सव और महोत्सव हो रहे हैं, कर्फ्यू की जगह कांवड़ यात्रा निकल रही है। दंगा करने वाले दंगा करना भूल गये हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि दंगा करेंगे तो उलटा टांग दिये जाएंगे।



मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर शासन नहीं किया बल्कि कानून का राज स्थापित किया। हमने तुष्टिकरण के आधार पर नहीं बल्कि हर भारतवासी के संतुष्टि के आधार पर कार्य किया, जिसका आधार था मोदी जी का मंत्र, ''सबका साथ सबका विकास।''


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। इंग्लैंड के अखबार दि गार्जियन ने लिखा है कि दो साल पहले पाकिस्तान में 20 दुर्दांत आतंकवादी मारे गये। ये सच है कि आज कोई भारत की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। हाल ये है कि किसी बारूद के गोदाम में गलती से विस्फोट भी हो जाए तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देने लगता है कि इसके पीछे हमारा कोई हाथ नहीं। उसे पता है कि पहले से बता देना उचित है, वरना कहीं एयरस्ट्राइक न हो जाए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकारें दम से चलती हैं और वह दम दिखाया है मोदी जी ने। बिना झुके, बिना डिगे और बिना रुके 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानते हुए देश को वर्ल्ड पॉवर बनाने के लिए जुटे हुए हैं।


मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी यही चाहते थे कि हमारे देश पर हमारा शासन हो, किसी विदेशी का नहीं। योगी ने भंडारावासियों को अयोध्या आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि आप अयोध्या आएंगे तो ऐसा लगेगा जैसे त्रेता युग की अयोध्या में आ गये हैं। काशी का दर्शन करेंगे तो लगे कि हमारा देश स्वतंत्र है, क्योंकि हमने अपनी आस्था को सम्मान दिया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले हमने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण किया और बाबा साहेब के पंचतीर्थों को सम्मान दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बिना भेद भाव के योजनाओं को कैसे बढ़ाया जाए, बीते 10 साल इसका जीता जागता उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाएं यही चार जातियां हैं और इनको ही ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी अपना घोषणापत्र 'ज्ञान' बना रही है।


इस अवसर पर विधायकगण राजू, विजय, पूर्वमंत्री परिणय फुके, नानाभाऊ, राजेन्द्र जैन के अलावा भाजपा, एनसीपी, शिवसेना और आरपीआई के वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।


 


नितिन गडकरी ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का नया मॉडल दिया हैः सीएम योगी



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री, सांसद व नागपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन गडकरी के लिए किया प्रचार

बोले- महाराष्ट्र से आ रही एक ही आवाज, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे

यूपी से व्यापारी, बेटियां पलायन नहीं करतीं, बल्कि अब माफिया व अपराधी पलायन कर गएः योगी

नितिन गडकरी ने योगी के नेतृत्व में विकसित यूपी की जमकर की तारीफ

सीएम योगी के नेतृत्व में अयोध्या को आदर्श शहर के रूप में गिना जाएगाः गडकरी


नागपुर, 8 अप्रैलः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नितिन गडकरी ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का नया मॉडल दिया है। राजनीति के अजातशत्रु नितिन गडकरी के मुंह पर ना शब्द नहीं है। कोई भी किसी काम के लिए गया तो गडकरी जी ने कभी मना ही नहीं किया। अयोध्या, मथुरा, काशी, प्रयागराज, लखनऊ में जितना पैसा मांगा गया, गडकरी जी ने दिया। दिल्ली से मुंबई के बीच में आठ लेन के हाइवे का सपना साकार हुआ है। नितिन गडकरी के बारे में कोई भी नकारात्मक टिप्पणी नहीं करता है। सौभाग्य है कि आपको नितिन गडकरी के रूप में सांसद चुनने का अवसर प्राप्त होता है। नितिन गडकरी की पहचान देश के इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री के रूप में है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री व नागपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन गडकरी के लिए सोमवार को जनसभा की। सीएम योगी ने नितिन गडकरी को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने की अपील की। नागपुर से प्रत्याशी बबिता अवस्थी ने योगी आदित्यनाथ के समक्ष नितिन गडकरी को अपना समर्थन दे दिया।


महाराष्ट्र से आ रही एक ही आवाज, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे


सीएम योगी ने कहा कि मैं मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन धरा यूपी से आया हूं। महाराष्ट्र में जहां भी गया, एक ही आवाज थी- जो राम को लाएंगे, हम उनको लाएंगे। हमारे यहां एक गाना बजता था-- होली खेले रघुवीरा अवध में, लेकिन 500 वर्षों तक रामलला ने अयोध्या में होली नहीं खेली। यह सौभाग्य इस बार आया है, जब रामलला ने अयोध्या में होली खेली है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम दूरदर्शन, टेलीविजन व स्मार्टफोन में लाइव आपने देखा होगा। यह अवसर कांग्रेस या अन्य दल नहीं दे पाते। यह कार्य इसलिए हो पाया, क्योंकि मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रवादी व देश के बारे में सोचने वाली सरकार है। आपकी भावनाओं को सोचने वाली सरकार है।


10 वर्ष में हुआ व्यापक परिवर्तन


सीएम योगी ने कहा कि नागपुर में नीचे सड़क, फिर फ्लाईओवर, उसके ऊपर मेट्रो चल रही है। यह स्ट्रक्चर देश में भी दिख रहा है, लेकिन यह परिवर्तन सिर्फ 10 वर्ष में ही हुआ है। भारत सनातन राष्ट्र है। 1947 में आजाद हुआ, अनेक सरकारें आईं। तब सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, आस्था की बात नहीं होती थी। जाति व चेहरा देखकर योजना का लाभ दिया जाता था पर आज बिना भेदभाव विकास हो रहा है। सबका साथ, सबके विश्वास के साथ कार्य हो रहा है। फोरलेन, सिक्सलेन, फ्लाईओवर व वल्र्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है। यह सब मोदी जी के नेतृत्व में हुआ, लेकिन इसका श्रेय आपको जाता है, क्योंकि आपके वोट ने देश की तकदीर व तस्वीर को बदला है।


वोट सही पार्टी को जाता है तो सुरक्षा मिलती है, गलत पार्टी को जाता है तो दंगा


सीएम योगी ने कहा कि सात वर्ष पहले यूपी को उपद्रव प्रदेश कहते थे, लेकिन सात वर्ष में यूपी में कोई दंगा नहीं हुआ। दंगा करने वालों को पता है कि ऐसा करने पर उल्टा टांग दिया जाएगा। आज वहां कर्फ्यू नहीं, धूम धड़ाके से कांवड़ यात्रा निकलती है। यूपी से व्यापारी, बेटियां पलायन नहीं करतीं, बल्कि अब माफिया व अपराधी पलायन कर गए। यह सब हम मोदी जी के नेतृत्व में कर पा रहे हैं। आपका वोट सही पार्टी को जाता है तो सुरक्षा और गलत पार्टी को जाता है तो दंगा होता है।



नितिन गडकरी ने की योगी के 'यूपी राज' की तारीफ


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच से योगी आदित्यनाथ और उनके नेतृत्व में बदले यूपी की जमकर तारीफ की। गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में कहा जाता था कि यह बीमारू प्रदेश है। यहां बिजली-पानी और अच्छी सड़कें नहीं थीं। युवाओं के हाथों को काम नहीं मिलता था। यूपी छोड़कर लोग देश के अनेक भागों में रोजगार के लिए जाते थे। यूपी की बदतर कानून व्यवस्था किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आने के बाद यूपी की तस्वीर बदल गई। आज यूपी की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। आज वहां कोई गुनहगार हिम्मत नहीं कर सकता, योगी जी के नेतृत्व में ऐसे प्रशासन का निर्माण हुआ है। देश की पूरी जनता इस बात के लिए योगी को धन्यवाद देती है। यूपी के विकास की गति बढ़ी है, वहां अब लाखों करोड़ के निवेश आ रहे हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश व योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की जनता ने सुशासन व विकास में नए परिवर्तन का अनुभव किया है।


गन्ना किसानों का आज तुरंत पैसा मिल जाता है


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी की चीनी मिलें कभी किसानों को एक-एक साल बकाया नहीं देती थीं, आज गन्ना किसानों को तुरंत पैसा मिल जाता है। एथेनॉल की इकॉनमी वहां विकसित हुई है। इस कारण यूपी के भविष्य में बड़ा परिवर्तन होते दिख रहा है। गडकरी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। अयोध्या सर्किट के रूप में रोड बने। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट बना और योगी जी ने अयोध्या को ऐसी नगरी में विकसित किया है कि देश के आदर्श शहरों में अयोध्या का नाम लिया जाएगा। दुनिया भर के पर्यटक अयोध्या तीर्थाटन के लिए आ रहे हैं।

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0