google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

देश में औरंगजेब...वे भीखमंगे पाकिस्तान के पास जाएं



देश में औरंगजेब का जजिया कर जबरन लागू करना चाहती है कांग्रेसः सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित

सीएम योगी ने जनसभा में कांग्रेस पर किया जमकर प्रहार, कहा- इनकी सरकार बनी तो कोई राम मंदिर और कृष्ण के मंदिर की बात भी नहीं कर सकेगा

ओबीसी और अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण में सेंध लगाने के साथ ही देश में गौहत्या को प्रश्रय देने का पाप भी करना चाहती है कांग्रेसः सीएम योगी



गुना (मध्यप्रदेश), 4 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के तहत शनिवार को मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। भाजपा ने गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना प्रत्याशी बनाया है। सीएम योगी ने यहां केंद्र सरकार और सिंधिया राज परिवार की उपलब्धियां गिनाते हुए उनके लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील की। इस दौरान यहां उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस के मैनिफेस्टो में बहुसंख्यकों की संपत्ति का सर्वे करने से लेकर अल्पसंख्यकों को खानपान की छूट देने जैसे प्राविधानों पर हमला किया। सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि विरासत का सम्मान होना चाहिए और कांग्रेस कहती है कि विरासत पर टैक्स लगाएंगे। मतलब इनके समय में कोई राम मंदिर, कृष्ण मंदिर की बात नहीं कर सकेगा। वो आपके पूर्वजों के द्वारा अर्जित कमाई का भी सर्वे कराएंगे और आधी संपत्ति ले लेंगे और कहेंगे कि ये हमारा विरासत टैक्स है। ये कांग्रेस औरंगजेब के जजिया कर को जबरन लागू करना चाहती है जिसे कोई भारतीय स्वीकार नहीं करेगा। इस अवसर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम योगी का अंग वस्त्र और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।


राम और कृष्ण की भूमि पर नहीं होने देंगे गौहत्या


सीएम योगी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार में आपकी आस्था को भी सम्मान मिल रहा है और सुरक्षा का भाव जाग्रत हुआ है तो गरीब कल्याण के कार्य भी हो रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस का मैनिफेस्टो देखेंगे तो इसके उलट ही नजर आएगा। उन्होंने कहा कि मुगलों का एक बादशाह था औरंगजेब, जिसे सबसे क्रूर मुगल बादशाह माना जाता है। उसने एक कर लगाया था जजिया। आज कांग्रेस भी अपने मैनिफेस्टो में जजिया कर की बात कर रही है। मोदी जी कहते हैं कि विरासत का सम्मान होना चाहिए और कांग्रेस कहती है कि विरासत टैक्स लगाएंगे। ये कांग्रेस औरंगजेब के जजिया कर को जबरन लागू करना चाहती है जिसे कोई भारतीय स्वीकार नहीं करेगा। सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस के समय में ओबीसी के आरक्षण में सेंध लगाने का प्रयास होगा और अनुसूचित जाति के आरक्षण में भी सेंध लगाने का प्रयास होगा। कांग्रेस कर्नाटक में ऐसा कर चुकी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के नेतृत्व में इंडी गठबंधन की सरकार बनी तो वो अल्पसंख्यकों को खानपान की आजादी देगी। कांग्रेस अब इतनी गिर चुकी है कि वह देश में गौहत्या को प्रश्रय देने की बात कर रही है। क्या राम और कृष्ण की धरती पर आप गौहत्या होने देंगे।


राम मंदिर के निर्माण से साकार हुआ राजमाता का सपना

सीएम योगी ने गुना और अयोध्या के बीच संबंध को लेकर कहा कि अयोध्या का रामजन्मभूमि आंदोलन का इतिहास गुना के लिए भी गौरवान्वित करने वाला है। इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए जो एक प्रमुख स्वर था वो था राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी का। राम जन्मभूमि आंदोलन के किसी भी कार्यक्रम में उन्होंने अपने व्यक्तिगत कार्यक्रमों को छोड़कर पहले से लेकर अंतिम दिन तक खुद को जोड़े रखा। प्रसन्नता इस बात की है कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद जब प्रभु श्रीराम विराजमान हुए तो राजमाता की आत्मा को भी असीम शांति प्राप्त हुई होगी कि जो वर्षों का सपना था वो सपना आज की पीढ़ी साकार कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि आज आप सौभाग्यशाली हैं कि यहां पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के रूप में आपको एक नेता मिला है, जिसके पास विकास का एक विजन है। उन्होंने भारत सरकार के नागर विमानन मंत्री के रूप में जो प्रगति की है वो अभूतपूर्व है। पहले देश के अंदर केवल 74 एयरपोर्ट थे और उन्होंने इस संख्या को 150 के ऊपर पहुंचा दिया और प्रधानमंत्री के उस सपने को साकार कर दिया कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर करेगा। उन्होने कहा कि पूरे देश के अंदर एक ही आवाज है कि फिर एक बार मोदी सरकार। लोगों के मन में एक ही बात है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे।


मध्य प्रदेश में 29 की 29 सीटों पर खिलेगा कमल


सीएम योगी ने 10 वर्षों में विकास का जिक्र करते हुए कहा कि इन 10 वर्षों में उतना कार्य हो गया, जितना 75 वर्षों में नहीं हुआ। पहले लोग भूखों मरते थे, आज 80 करोड़ लोग मुफ्त में राशन प्राप्त कर रहे हैं। कोई इलाज के अभाव में नहीं मर रहा। 50 करोड़ गरीबों के जनधन अकाउंट खोल दिए गए हैं। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। 10 करोड़ गरीबों को मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन मिल गया। करोड़ों लोगों को मकान मिले हैं और जिन्हें नहीं मिला है अगले 5 वर्ष के अंदर उनके लिए भी मकान बनेंगे। ये जितने भी कार्य हुए हैं ये अभी शुरुआत है। हमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाना है। उन्होंने यूपी में प्रचंड जीत का आश्वासन देते हुए कहा कि यूपी ने मन बना लिया है कि वह 80 में 80 मनकों की माला मोदी जी को पहनाएंगे। अब आपको भी वादा करना होगा कि मध्य प्रदेश में 29 की 29 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाएंगे।


इस अवसर पर मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा, पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव, लोकसभा के प्रभारी शैलेंद्र बरुआ, संयोजक राधेश्याम पारिख, जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व मंत्री और विधायक ब्रजेंद्र यादव, विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, पूर्व जसपाल सिंह, प्रताप भानू सिंह, सचिन चौधरी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


उत्तर प्रदेश की माटी में हुआ कर्मयोगी और योगी का संगमः ज्योतिरादित्य सिंधिया



केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम योगी की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज गुना में अशोक नगर के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हमारे बीच में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी पधारे हैं। एक ऐसे व्यक्तित्व के कदम इस भूमि पर पड़े हैं, जिन्होंने विकास और प्रगति का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपमें से कई लोगों को नहीं मालूम होगा, लेकिन महाराज योगी आदित्यनाथ जी और सिंधिया परिवार के बीच एक परिवारिक और आध्यात्म का संबंध भी रहा है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की लोकप्रियता राष्ट्र के कोने-कोने में है और जिस तरह उन्होंने उत्तर प्रदेश की भूमि को परिवर्तित कर दिया है, वह आज विकास और प्रगति के लिए पूरे देश में मशहूर है। केंद्र में हमारे पास पीएम मोदी के रूप में एक कर्मयोगी हैं तो उत्तर प्रदेश में योगी जी हैं। कर्मयोगी और योगी का संगम उत्तर प्रदेश की माटी में हो चुका है। योगी जी हमारे लिए उदाहरण है। जिस तरह उन्होंने उत्तर प्रदेश में विकास किया है, हम गुना में विकास की लहर लाने का प्रयास करेंगे।


 

जिन्हें जेहाद से प्यार, वे भीखमंगे पाकिस्तान के पास जाएंः योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद से सांसद व भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत के लिए मांगा वोट

बोलेः भारत की धरती राम-कृष्ण की, जेहाद की नहीं

वोट में जेहाद नहीं होता, हमें दुनिया के सबसे मजबूत लोकतंत्र के लिए वोट देना हैः सीएम

आरोपः भारत की प्रगति न चाहने वाले हर योजना में भ्रष्टाचार करते थे

अब सीमापार से आतंकवाद नहीं होता, बल्कि पटाखा फूटने पर भी आतंकवादियों के आका सफाई देते हैंः मुख्यमंत्री



फर्रुखाबाद, 4 मईः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेहाद की बात करने वालों को शर्म आनी चाहिए। इनके आकाओं ने पहले देश का बंटवारा किया था और आज यह लोग जेहाद की बात करके लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं। सीएम ने चेतावनी दी कि जेहाद से प्यार है तो भूखे मरने वाले भीखमंगे पाकिस्तान के पास जाइए, जो दो जून रोटी के लिए तरस रहा है। सपा, कांग्रेस व बसपा पर हमलावर सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने गरीबों के हकों पर डकैती डाली और दिव्यांगों को भी नहीं छेड़ा। ऐसे लोगों को जेहाद की बात याद आने लगी है। वे जान लें कि भारत की धरती राम-कृष्ण की है, जेहाद की नहीं।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद से सांसद व भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत के लिए शनिवार को जनसभा कर वोट मांगा। योगी के आह्वान पर फर्रुखाबाद वालों ने फिर से कमल खिलाने का आश्वासन दिया।

भारत की प्रगति न चाहने वाले हर योजना में भ्रष्टाचार करते थे


सीएम ने कहा कि आपने 2014 के पहले औऱ बाद का भारत देखा है। 2014 के पहले का भारत दुनिया में विश्वास खो चुका था। आतंकवाद व नक्सलवाद से त्रस्त था। गरीबों को शासन की योजनाएं नहीं मिल पाती थीं। यह अराजकता वे लोग करते थे, जिन्हें भारत के लोकतंत्र पर विश्वास नहीं था और जिन्हें विश्वास था वे 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के साथ जुड़कर देश को मजबूत बनाने के लिए आगे बढ़ते थे। जिन्हें भारत की प्रगति अच्छी नहीं लगती थी, वे हर योजना में भ्रष्टाचार करते थे।


अब सीमापार से आतंकवादियों के आका भी सफाई देते हैं


सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के बाद भारत का नया रूप दिख रहा है। पहले कहीं विस्फोट और आतंकवादियों को देखकर सरकारें कहती थीं कि यह सीमापार से हैं, लेकिन आज जोर से पटाखा फटने पर सीमापार से उनका आका भी सफाई देने को मजबूर होता है। हर किसी को पता है कि नया भारत छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले को छेड़ता नहीं है।


सीएम ने फर्रुखाबाद वालों से की विकास की चर्चा


सीएम ने भारत व उप्र के विकास की चर्चा की। बोले कि 2022 में यहां आकर कहा था कि गंगा मैया पर बनने वाला पुल जल्द शुरू होगा। अब कार्य प्रारंभ हो चुका है। पहले नारा लगता था कि फर्रुखाबादी चूसे गन्ना, लेकिन अब फर्रुखाबाद को एक्सप्रेसवे से जोड़ने की कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि 2022 में भी यहीं आया था और कहा था कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर भी बनेगा और माफिया का रामनाम सत्य भी होगा।


यूपीए सरकार में पिछड़ी, एससी-एसटी के आरक्षण को काटने की हो रही थी साजिश


सीएम ने कहा कि कांग्रेसी कहते थे कि राम हुए ही नहीं, सपा वाले कहते थे कि अयोध्या में परिंदा पर नहीं मार सकता, लेकिन आज वहां लाखों लोग दर्शन कर रहे हैं। यूपी में कर्फ्यू और दंगा मुक्त वातावरण है। नए भारत में गांव, गरीब, किसान, नौजवान व महिलाओं के सम्मान-संरक्षण के लिए कार्य हो रहा है तो दूसरी तरफ इंडी गठबंधन हकों पर डकैती डालने की योजना बना रहा है। जब सपा-कांग्रेस के नेतृत्व की यूपीए सरकार थी तब इन लोगों की तरफ से ओबीसी, एससी-एसटी के आरक्षण में सेंध लगाने की कोशिश हो रही थी।


वोट में जेहाद नहीं होता, हमें दुनिया के सबसे मजबूत लोकतंत्र के लिए वोट देना है


सीएम ने कहा कि सपा-कांग्रेस के लोग धार्मिक आधार पर बंटवारा करने का प्रयास कर रहे हैं। यह भारत के इस्लामीकरण की साजिश है और इसी के तहत वोट जेहाद की बात करते हैं। वोट में जेहाद नहीं होता, हमें दुनिया के सबसे मजबूत लोकतंत्र के लिए वोट करना होता है, जिससे हमारा अधिकार सुरक्षित रहे। अपने अधिकार का सदुपयोग करते हुए विकास, सम्मान, लोकआस्था और भावी पीढ़ी के विकास के लिए जो कार्य कर सके। वोट उसे ही दें। विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने विकसित भारत के लिए पीएम मोदी को तीसरा कार्यकाल देने की अपील की।


इस अवसर पर फर्रुखाबाद के सांसद व भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत, विधान परिषद सदस्य व भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य, सत्यपाल सिंह, डॉ. सुरभि, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।


 

रामभक्तों पर गोलियां चलाने वालों, अयोध्या में फिर से त्रेतायुग लौट आया है: सीएम योगी



- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया के बिधूना में कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के लिए की जनसभा

- सीएम बोले, रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक देख अभिभूत हुई दुनिया

- बिना नाम लिए सपा पर बरसे, बोले-कल्याण सिंह के निधन पर संवेदना तक व्यक्त नहीं किया और माफिया की मौत पर फातिहा पढ़ने चले गए


औरैया, 4 मई: समाजवादी पार्टी के शासन में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं पर आज अयोध्या में फिर से त्रेतायुग और रामराज्य वापस आ गया है। नई अयोध्या में 500 वर्षों के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने होली खेली। रामनवमी पर उनका सूर्य तिलक हुआ। इसे देख पूरी दुनिया अभिभूत हो गयी थी। यह अद्भुत कार्य कभी सपा, बसपा और कांग्रेस के कार्यकाल में नहीं हो सकता था, क्योंकि ये तो प्रभु श्रीराम के वजूद पर ही सवाल खड़ा करते थे। एक समय था जब सपा कहती थी कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है, लेकिन भाजपा सरकार में देश ही नहीं, दुनिया से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन को आ रहे हैं और दिव्य-भव्य अयोध्या देखकर प्रफुल्लित हो रहे हैं।


ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को औरैया के बिधूना में कहीं। उन्होंने यहां कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के पक्ष में जनसभा कर वोट की अपील की।


सपा के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के देहांत पर संवेदना तक नहीं व्यक्त की


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा यूपीए की सरकार में देश के विभिन्न हिस्सों में आये दिन आतंकवादी घटनाएं होती थीं। यूपीए को समर्थन देने वाली समाजवादी पार्टी आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले रही थी। इस पर न्यायालय ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा था कि आज आप इनके मुकदमे वापस लेने की बात कह रहे हैं और कल इन्हे पद्म पुरस्कार से नवाजेंगे। इसके बाद न्यायालय ने समाजवादी पार्टी को रोका था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश आतंकवाद मुक्त हो गया है। यह मोदी की गारंटी है। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में जहां एक ओर रामलला विराजमान हो गए हैं, वहीं दूसरी ओर बड़े-बड़े माफिया की राम नाम सत्य की यात्रा निकल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पूरा जीवन प्रदेश के विकास और राम जन्मभूमि के लिए समर्पित था। उनके देहांत पर सपा के लोगों ने संवेदना तक नहीं व्यक्त की, जबकि माफिया की मौत पर फातिहा पढ़ने जाते हैं। आपको इनसे सावधान रहने की जरूरत है।


इंडी गठबंधन बताए, अल्पसंख्यकों को किस तरह के खाने-पीने की छूट देना चाहती है


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी गठबंधन के मेनिफेस्टो में अल्पसंख्यकों को खाने पीने की पूरी स्वतंत्रता देने की बात कही गयी है। यह जनता को नहीं बता रहे हैं कि ऐसा कौन सा खानपान है जो बहुसंख्यक समाज नापसंद करता है। दरअसल, अल्पसंख्यक समाज को गोमांस पसंद है। हम गो माता की रक्षा के लिए जान भी देंगे। यह किसी की रुचि के अनुसार खान-पान की स्वतंत्रता देंगे और हम उसे स्वीकार कर लेंगे। यह कतई नहीं होगा। प्रदेश में गोकशी की बात तो दूर कोई इसके बारे में भी सोचेगा तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार खोल दिये जाएंगे।


जनसभा में कन्नौज सांसद व भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक, योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, विधायक कैलाश राजपूत, अर्चना पांडेय, पूनम शंखवार आदि मौजूद रहीं।

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0