google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

कांग्रेस ने बच्चों के हाथों में थमाया तमंचाः Cm Yogi Adityanath



लोकसभा चुनाव-2024 में छत्तीसगढ़ के चुनावी रण में उतरे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनांदगांव से भाजपा उम्मीदवार संतोष पांडेय के लिए की जनसभा

विपक्षी दल पर बरसे योगी ने कहा-घोटाले, नक्सलवाद व आतंकवाद का नाम है कांग्रेस

छत्तीसगढ़ ने बुलडोजर बाबा को सिर आंखों पर बैठाया, पूरी रैली 'योगी-योगी' के नारों से गूंजी

शराब व कोयला घोटाला कांग्रेस की प्रवृत्ति, लेकिन भूपेश बघेल ने गोबर घोटाला भी कर डालाः योगी

कांग्रेस जान ले, नए भारत में घोटाले की जगह नहींः योगी


राजनांदगांव, 21 अप्रैलः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को छत्तीसगढ़ में अपने तेवर में रहे। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में कमल के फूल के लिए समर्थन मांगने पहुंचे योगी आदित्यनाथ का जनमानस ने जोरदार स्वागत किया। 'योगी-योगी' के नारों से छत्तीसगढ़ की रैली गूंज उठी। यहां बुलडोजर बाबा को जनमानस ने सिर आंखों पर बैठाया। सीएम योगी ने एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ के आध्यात्मिक संबंधों की चर्चा की तो वहीं कांग्रेस को खूब धोया। राजनांदगांव लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संतोष पांडेय के पक्ष में जनसभा की तो इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बखिया उधेड़ दी।


घोटाले, आतंकवाद व नक्सलवाद का नाम है कांग्रेस


सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस घोटाले, आतंकवाद, नक्सलवाद का नाम है। जिस आयु में युवाओं के हाथों में पुस्तक, टैबलेट, दुनिया को आगे बढ़ाने का जज्बा होना चाहिए, कांग्रेस ने उस आयु के बच्चों के हाथों में तमंचे पकड़ा दिए। उन्हें भारत के खिलाफ ही लड़ने के लिए नक्सलवाद, आतंकवाद, उग्रवाद के नाम पर उकसाया। कांग्रेस शासन के समय यहां लव जेहाद की घटनाओं को छूट दे दी गई थी। सामान्य नागरिक भुवनेश्वर साहू के साथ हुई घटना कोई भूला नहीं है। छत्तीसगढ़ की जनता का अभिवादन करता हूं कि उनके पिता ईश्वर साहू को विधायक बनाकर भुवनेश्वर की स्मृतियों को जीवंत बनाने का कार्य किया है। भुवनेश्वर ने लव जेहाद और कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति का विरोध करते हुए अपना बलिदान दे दिया था।


शराब व कोयला घोटाला कांग्रेस की प्रवृत्ति, लेकिन भूपेश बघेल ने गोबर घोटाला भी कर डाला


सीएम योगी ने कहा कि इस सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रत्याशी बनाया है। उनके ऊपर पहले से शराब, कोयला, पब्लिक सर्विस कमीशन, महादेव ऐप आदि के घोटाले का आरोप और एफआईआर हो, वह व्यक्ति ठसक के साथ चुनाव लड़ने का दुस्साहस कर रहा है। वह मानकर चलता है कि कितना भी बड़ा अपराध करेंगे और समाज की आंखों में धूल झोंककर सत्ता हथिया लेंगे। वे यह जान लें कि नए भारत में घोटालेबाज नहीं चलेंगे। शराब व कोयला घोटाला कांग्रेस की प्रवृत्ति थी लेकिन भूपेश बघेल ने गोबर घोटाला भी कर डाला। गोमाता को तस्करों- कसाइयों के हवाले कर दिया गया था।


कांग्रेस को जब भी अवसर मिला, छत्तीसगढ़ को खूब लूटा


सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को जब भी अवसर मिला, उन्होंने छत्तीसगढ़ को लूटने का कोई अवसर नहीं छोड़ा। गरीबों, पिछड़ों, वनवासियों-आदिवासियों के उत्थान के लिए श्रद्धेय अटल जी व पीएम मोदी के नेतृत्व में बनी योजनाओं को रमन सिंह-विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकारों ने लागू किया तो कांग्रेस ने पांच वर्ष के कुशासन में इसे समाप्त करने का प्रयास किया। छत्तीसगढ़ हजारों वर्षों से विरासत का संरक्षण करती आ रही है। सरकारों ने उपेक्षा की होगी। लोगों ने तमाम प्रकार के गलत तरीके से छवि को प्रस्तुत करने का प्रयास किया होगा, लेकिन केंद्र में अटल जी-मोदी जी व प्रदेश की भाजपा सरकार मजबूती के साथ छत्तीसगढ़ को पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई देती है।


गांधी के नाम पर सत्ता हथियाने वालों ने राम व भारत के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा किया


सीएम योगी ने कहा कि जब रायपुर में राम जी का मंदिर बन रहा था, तब रमन सिंह यहां के सीएम थे। उस समय उन्होंने कहा था कि हम पहले ही छत्तीसगढ़ में भगवान राम का मंदिर बना रहे हैं। मैंने कहा कि बालक पहले ननिहाल ही आता है। जब छत्तीसगढ़ में रामलला आ जाएंगे तो अयोध्या में भी मंदिर बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। पीएम मोदी के कारण राम मंदिर बन सका। कांग्रेस के लोग कहते थे कि राम हुए ही नहीं। गांधी जी 'रघुपति राघव-राजा राम' कहते थे, उनके अंतिम शब्द 'हे राम' थे। जिन लोगों ने गांधी के नाम पर जीवन भर सत्ता हथियाई, उन लोगों ने राम और भारत के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करने की कुत्सित चेष्टा की।



योगी ने गिनाया भाजपा व कांग्रेस का अंतर


सीएम योगी ने कहा कि डॉ. रमन सिंह की सरकार ने एक रुपये किलो चावल गरीबों, आदिवासियों को दिया तो मोदी सरकार चार वर्ष से 80 करोड़ गरीबों को फ्री में राशन की सुविधा दे रही है। 50 करोड़ गरीबों के जनधन अकाउंट खोलकर मोदी जी ने कांग्रेसियों की कमीशनखोरी पर रोक लगा दी। मोदी सरकार ने चार करोड़ मकान बनवाए, उप्र में 56 लाख गरीबों के मकान बने, लेकिन भूपेश बघेल सरकार ने 18 लाख गरीबों को मकानों से वंचित किया था। गरीबों को मकान न मिले, इसका दोष भी कांग्रेस सरकार पर है। डॉ. रमन सिंह द्वारा तय की गई यहां के गरीब किसानों से धान को अतिरिक्त बोनस देकर खरीदने की परंपरा को कांग्रेस सरकार ने बाधित किया, लेकिन विष्णुदेव साय के नेतृत्व भाजपा सरकार ने फिर से शुरू कर आर्थिक संबल शुरू किया। 18 लाख गरीबों को भाजपा सरकार मकान देने जा रही है। कांग्रेस समस्या तो भाजपा समाधान देती है।


500 वर्ष बाद अयोध्या में हुआ श्रीराम का फिर से आगमन


सीएम योगी ने कहा कि 500 वर्षों बाद प्रभु रामलला का फिर से अयोध्या में आगमन हुआ है। यह काम कांग्रेस के लोग नहीं कर पाते। जब भगवान को 14 वर्ष का वनवास हुआ था और वे अयोध्या से वन के लिए निकले तो छत्तीसगढ़ की तरफ रुख किया। पहले चित्रकूट, फिर दंडकारण्य होते हुए पंचवटी की तरफ गए। उस समय रावण के कुछ राक्षस ऋषि-मुनियों की साधना में विघ्न डालते थे। सभ्य समाज को प्रताड़ित करते थे। हजारों वर्ष पहले प्रभु राम ने उनकी सुरक्षा के साथ ही इस धऱती को राक्षस विहीन करने का संकल्प लिया था। उसी का परिणाम था कि लंका के राजा रावण को भी खानदान के साथ दूसरे लोक के लिए प्रस्थान करना पड़ा था। प्रभु राम की महिमा की भूमि छत्तीसगढ़ में आकर कौन अभिभूत नहीं होगा।


छत्तीसगढ़िया, सबसे बढ़िया


सीएम योगी ने कहा कि आज सुबह लखनऊ से रायपुर के लिए प्रस्थान करते समय कुछ पत्रकारों ने पूछा कि आज छत्तीसगढ़ जा रहे हैं, क्या कहना चाहते हैं। मैंने कहा कि छत्तीसगढ़िया, सबसे बढ़िया। लोगों ने कहा- कैसे, मैंने कहा कि ननिहाल किसे अच्छा नहीं लगता है। छत्तीसगढ़ आराध्य प्रभु श्रीराम का ननिहाल व मां कौशल्या का मायका है। 500 वर्षों बाद रामलला के पुर्नआगमन पर जितने अभिभूत उत्तर प्रदेश व देशवासी हुए हैं, उससे अधिक खुशी छत्तीसगढ़ वालों को है। प्रभु के आगमन पर जो आनंदित हों, उससे बढ़िया कोई और नहीं हो सकता।


जनसभा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री लखन देवांगन, राजेश मुढ़त, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, प्रदीप गांधी, राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय, लोकसभा संयोजक मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू आदि की मौजूदगी रही।


 

हम नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकते, नेस्तनाबूद कर देते हैं : योगी आदित्यनाथ



- योगी आदित्यनाथ ने कोरबा में जनसभा को किया संबोधित

- कहा- कांग्रेस का नक्सलवाद से सांठगांठ, युवाओं का भविष्य खराब किया

- कांग्रेस न सुरक्षा दे सकती है, न सुशासन ला सकती है : योगी

- प्रभु श्रीराम की धरती का संदेश लेकर उनके ननिहाल आया हूं : योगी आदित्यनाथ


कोरबा, 21 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज का भारत नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकता, बल्कि उसे नेस्तनाबूद करने का माद्दा रखता है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि तमाम घोटाला करने वाली कांग्रेस ने यहां गोबर घोटाला भी कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न सुरक्षा दे सकती है, न सुशासन। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का नक्सलवाद से सांठगांठ किसी से छिपा नहीं है। इन लोगों ने युवाओं के हाथों में टेबलेट देने की जगह तमंचा थमा दिया। योगी आदित्यनाथ रविवार को कोरबा लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय के समर्थन में विशाल रैली को संबोधित कर रहे थे।


'छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया'


'छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया' का नारा देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं प्रभु श्रीराम की धरती का संदेश लेकर यहां आया हूं। ये माता कौशल्या का मायका और श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि 500 साल बाद श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए तो सबसे ज्यादा उत्साह छत्तीसगढ़ में था। जब श्रीराम को वनवास जाना था तो सबसे पहले उन्होंने यहीं शरण ली थी। यहीं पर उन्होंने ऋषि-मुनियों और समाज के सज्जन प्रवृत्ति के लोगों की रक्षा और राक्षसों से मुक्ति का सिंहनाद किया था, जो भारत को रामराज्य की ओर ले जाने का संकल्प था। प्रभु के ननिहाल के लोगों को बताने आया हूं कि निश्चिंत रहिए रामराज्य की स्थापना मोदी जी के नेतृत्व में होने जा रही है।


गरीब कल्याण की योजनाओं का कोई सानी नहीं


योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10 साल में हम सबने बदलते हुए भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जो अपने नागरिकों को सुरक्षा और संरक्षण देता है। विकास के बड़े बड़े कार्य हो रहे हैं। हाईवे, एक्सप्रेस, एम्स, आईआईटी बीजेपी सरकारों की पहचान बने हैं। इसके अलावा गरीब कल्याण की योजनाओं का कोई सानी नहीं है। आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या का समाधान हुआ है। पटाखा भी फूटता है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है। उसे पता है कि भारत में कोई आतंकवादी घटना होती है तो उसे लेने के देने पड़ जाएंगे।


80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा


योगी आदित्यनाथ ने देश में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा है, जबकि पाकिस्तान में 23 करोड़ लोग एक जून की रोटी के लिए तरस रहे हैं। पाकिस्तान बड़ी ठसक के साथ भारत से अलग हुआ था, मगर आज वहां लोग बदहाली की जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, फ्री बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला योजना, महिला स्वावलंबन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को भी गिनाया। बताया कि अगले पांच साल में तीन करोड़ नये आवास गरीबों को उपलब्ध कराए जाएंगे।


कांग्रेस ने भगवान को भी नहीं छोड़ा


योगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कमीशन खाने की आदी हैं, मगर गरीबों के जनधन अकाउंट खोलकर मोदी जी ने कांग्रेसियों के कमीशन को खत्म करने का काम किया है। कहा कि कांग्रेस राज में गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था, नौजवान पलायन करता था और बेटी व व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में देश की 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए हैं। पूरे देश से एक ही आवाज आ रही है, 'फिर एक बार मोदी सरकार' और 'अबकी बार 400 पार'। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भगवान को भी नहीं छोड़ा, उसने महादेव ऐप के नामपर घोटाला कर दिया। जब हम कहते थे कि 'राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' तब कांग्रेस के लोग सुप्रीम कोर्ट में कहते थे कि राम हुए ही नहीं। अब कहते हैं राम सबके हैं। ये कांग्रेस का दोहरा चरित्र है।


योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय को तेज तर्रार और सुशिक्षित नेता बताते हुए उनके पक्ष में भारी मतदान की अपील की।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर, बीजेपी के प्रदेश मंत्री विकास महतो के साथ ही गोपाल साहू, डॉ राजीव सिंह, मनोज शर्मा, संतोषी दीवान, धनेश्वरी कंवर, जोगेश्वर, अशोक चावलानी, ज्योति नंद दुबे सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


 

कांग्रेस का पेट कभी नहीं भरने वाला, यह गरीबों के हकों पर डकैती डालते हैंः योगी



लोकसभा चुनाव-2024 में रविवार को छत्तीसगढ़ के चुनावी समर में गरजे यूपी के मुखिया

पाकिस्तान की आबादी यूपी से भी कम, लेकिन वहां लोग भूखों मर रहे हैंः सीएम

बोले- भूपेश बघेल सरकार ने 18 लाख गरीबों के मकान रोक दिए थे, अब मिलेंगे

सही वोट से बनी सरकार, सही सरकार से हो रहे सही निर्णयः सीएम


बिलासपुर, 21 अप्रैलः सीएम ने कहा कि कांग्रेस का पेट कभी भरने वाला नहीं है। यह गरीबों के हकों पर डकैती डालते हैं। कांग्रेस समस्या और भाजपा समाधान है। विकसित भारत के लिए समस्या नहीं, समाधान का रास्ता अपनाना है। आपके वोट के कारण दस वर्षों में परिवर्तन हुआ है। नेतृत्व-मार्गदर्शन मोदी जी का, लेकिन श्रेय आपको है, क्योंकि आपके सही वोट से सही सरकार बनी और सही सरकार बनने से सही निर्णय हो रहे हैं। गलत वोट से गलत सरकार बनती है तो घोटाले पर घोटाले करती है। घोटालों की श्रृंखला कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। कांग्रेस सरकार गरीबों को राशन नहीं देती थी, लेकिन आतंकियों को बिरयानी खिलाती थी।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने रविवार को बिलासपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तोखन साहू के लिए जनसमर्थन मांगा।


कांग्रेस के दोहरे चरित्र को समझने की आवश्यकता


सीएम योगी ने कहा कि छत्तीसगढ़िया, सबसे बढ़िया। 500 वर्ष के इंतजार के बाद श्रीराम लला फिर से विराजमान हुए हैं। उत्तर प्रदेश व देशवासियों से अधिक छत्तीसगढ़ में उत्साह था। पहले छत्तीसगढ़ में मंदिर बना, फिर अयोध्या में बना। क्योंकि पहले ननिहाल में बच्चा आता है, फिर अपने धाम में विराजमान होता है। कांग्रेस ने राम-कृष्ण के नाम को ही नकार दिया था। इन लोगों ने भारत की सनातन आस्था का अपमान किया। यहां के कण-कण में राम की स्मृतियां छिपी हैं। जब मंदिर बन गया तो कांग्रेसी कहते हैं कि राम सबके हैं। यह उनका दोहरा चरित्र है। इसे समझने की आवश्यकता है।


जिम्मेदारियों को अव्यवस्था का शिकार बनाती है कांग्रेस


सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिम्मेदारियों को अव्यवस्था व अराजकता का शिकार बना देती है। 1947 में देश आजाद हुआ, सत्ता कांग्रेस को मिली तो उन्होंने देश को आतंकवाद, नक्सलवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, अराजकता, भ्रष्टाचार की तरफ ढकेल दिया। वे बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर को अपमानित करते थे। 1952 में संविधान संशोधित कर कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान किया गया। तब श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन चलाते हुए नारा दिया कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे। उन्होंने कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाने के लिए खुद का बलिदान दे दिया।


65 वर्ष तक कांग्रेस के लोग कुछ नहीं कर पाए


सीएम योगी ने कहा कि 65 वर्ष तक कांग्रेस के लोग कुछ नहीं कर पाए। जब मोदी पीएम व अमित शाह गृह मंत्री बने तो धारा-370 समाप्त हुई और जम्मू-कश्मीर लोकतंत्र की मुख्य धारा के साथ 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' से जुड़ा हुआ है। पहले आतंकी विस्फोट करते थे और निर्दोष मारे जाते थे। उस समय कांग्रेस सरकार कुछ नहीं करती थी, सिर्फ कहती थी कि देखेंगे। अब जोर से पटाखा फूटने पर पाकिस्तान कहता है कि हमारा हाथ नहीं है। 1947 में भारत का विभाजन कर पाकिस्तान बना। वहां की आबादी यूपी से भी कम है, लेकिन वहां लोग भूखों मर रहे हैं।


भूपेश बघेल सरकार ने 18 लाख गरीबों के मकान रोक दिए थे


सीएम योगी ने कहा कि आपने बदलते भारत को देखा है। भावी पीढ़ी को आप बता सकते हैं कि हमने वह दौर देखा है, जो विकसित भारत की आधारशिला बन रहा है। वोट देकर कोई हनुमान, कोई अंगद तो कोई जामवंत बनकर विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में योगदान दिया होगा। बदलते भारत का दुनिया में सम्मान है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार ने 18 लाख गरीबों के मकान रोक दिए। अब विष्णुदेव साय के नेतृत्व की भाजपा सरकार ने केंद्र को लिखकर दिया है कि हमारा पैसा दीजिए, हम अपना शेयर देंगे। छत्तीसगढ़ के 18 लाख गरीबों को मकान दिया जाएगा।


उप्र में अपराधियों का 'राम नाम सत्य' हो गया


सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में अच्छा कार्य कर रही है। केंद्र व राज्य में एक जैसी सरकार होती है तो विकास कई गुना तेजी से बढ़ता है। 2017 से पहले अयोध्या का नाम सुनने से लोग डरते थे। 75 में से केवल चार जनपदों को बिजली मिलती थी। बेटी-व्यापारी असुरक्षित थे पर केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार होने से सात वर्ष से दंगा-कर्फ्यू नहीं लगा। बेटी-व्यापारी सुरक्षित हैं। लगता है अब अयोध्या में त्रेतायुग आ गया है। उप्र के अपराधियों का 'राम नाम सत्य' हो गया है। सुरक्षा, विकास व सुशासन के मॉडल के लिए मोदी आवश्यक हैं।

जनसभा में छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन लाल देवांगन, दयाल दास बघेल, विधायक सुशांत शुक्ला, श्यामा अग्रवाल, धर्मपाल कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0