google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

कोरोना से जुड़ी ये ताज़ा जानकारी आपके लिए है बहुत जरुरी



देश में कोरोना वैक्सीन की खुराक जितनी तेजी से दी जा रही है उतनी ही तेजी से संक्रमण के मामलों में भी गिरावट आ रही है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश के 47 जिलों में कोरोना का एक भी नया केस दर्ज नहीं किया गया है जबकि 251 जिलों में बीते तीन हफ्ते से संक्रमण से एक भी व्‍यक्ति की जान नहीं गई है।


टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार


केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने यह भी बताया कि देश में टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। देश में महज 19 दिनों में 44,49,552 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है। यही नहीं भारत केवल 18 दिनों में 40 लाख कोविड-19 टीकाकरण करने वाला दुनिया का सबसे तेज देश बन गया है। कई अन्य देशों को ऐसा करने में 65 दिन लगाए थे। मालूम हो कि भारत में 16 जनवरी को कोरोना के खिलाफ राष्ट्रव्यापी कोविड रोधी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था।


केरल और महाराष्ट्र में सक्रिय मामले ज्यादा


केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण के अनुसार देश में सक्रिय मामलों की संख्या अब सिर्फ 1,55,000 है। यह संक्रमण के कुल मामलों की महज 1.44 फीसद है। कोविड से अब तक 1,54,000 लोगों की जान गई है। देश में अभी तक 19,90,00,000 नमूनों की कोरोना जांच की गई है। मौजूदा वक्‍त में पॉजिटिविटी रेट 5.42 फीसद है। केरल और महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या अभी भी ज्यादा है। अकेले इन्‍हीं दोनों राज्‍यों में 70 फीसद सक्र‍िय मामले हैं।



47 जिलों में कोरोना का एक भी नया केस नहीं


स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश के 47 जिलों में बीते तीन हफ्ते में कोरोना का एक भी नया केस सामने नहीं आया है। देश में अब तक की दैनिक संक्रमण दर 1.82 फीसद है। देश में पिछले 19 दिन से दैनिक संक्रमण दर दो फीसद से नीचे बरकरार है। देश में कोरोना को मात देने वालों की कुल संख्या 1,04,80,455 हो गई है। देश में रिकवरी रेट बढ़कर 97.13 फीसद हो गई है। कोरोना से ठीक हो चुके लोगों की संख्या उपचाराधीन मरीजों की संख्या से 67.6 गुना ज्‍यादा है।


24 घंटे में संक्रमण के 12,899 और मामले मिले


केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में 12,899 और मामले सामने आने से कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,07,90,183 हो गई। देश में 24 पिछले घंटे में 107 लोगों की मौत होने से संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,54,703 हो गई है। देश में अब तक 1,04,80,455 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।




कोरोना के चार हजार वेरियंट


ब्रिटेन के एक मंत्री ने गुरुवार को बताया कि दुनिया कोरोना वायरस के करीब चार हजार वेरियंट का सामना कर रही है। इससे मुकाबले के लिए वैक्सीन निर्माता कंपनियां अपने टीकों को बेहतर करने के लिए रिसर्च में जुट गई हैं। कोरोना के ब्रिटिश, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी समेत करीब चार हजार वेरियंट बताए जा रहे हैं। इनमें से कई ज्यादा संक्रामक हैं। ब्रिटेन में गत दिसंबर में कोरोना का नया वेरियंट मिला था। यह विश्व के 80 से ज्यादा देशों में दस्तक दे चुका है।


ब्रिटेन के वैक्सीन मामलों के मंत्री नदीम जहावी ने कहा कि मौजूदा वैक्सीन कोरोना के नए वेरियंट में भी पूरी तरह प्रभावी हैं। इसको लेकर किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि वैक्सीन के सभी उत्पादक टीकों को और प्रभावी बनाने के काम में जुट गए हैं। विश्व में कोरोना के करीब चार हजार वेरियंट हैं।



फ्रांस और रूस में संक्रमण पर नहीं लग रही लगाम


फ्रांस में बीते 24 घंटे में 26 हजार 362 नए संक्रमितों के मिलने से कोरोना के मामले बढ़कर 32 लाख 51 हजार से ज्यादा हो गए। फ्रांस में कोरोना से कुल 77 हजार लोगों की मौत हुई है। रूस में भी मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। रूस में 16,714 नए संक्रमित पाए जाने से पीड़ितों का आंकड़ा 39 लाख 17 हजार हो गया है। इस देश में कुल 75 हजार 205 की जान गई है।


वैक्सीन को लेकर सीरम और यूनिसेफ में करार


सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और यूनिसेफ के बीच कोरोना वैक्सीन की दीर्घकालीन आपूर्ति को लेकर एक करार हुआ है। यूएन की इस संस्था ने कहा है कि तकरीबन 100 देशों में आपूर्ति के लिए उसे वैक्सीन की 1.1 अरब खुराक की दरकार है। यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक हेनेरिटा फोरे ने करार की घोषणा करते हुए कहा, 'हमें वैक्सीन की दीर्घकालीन आपूर्ति को लेकर हुए समझौते की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है।

वैसे इसमें दोराय नहीं है कि दुनिया के कई देशों के साथ साथ भारत में भी आम जनजीवन पटरी पर तेजी से लौट रहा है। हांलाकि सरकार तमाम प्रतिबंधों को शिथिल करने के बावजूद लोगों को कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की हिदायत बार बार दे रही है।


टीम स्टेट टुडे


Advt.
Advt.


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0