LU के कैलाश हास्टल में कुत्ते का आतंक

लखनऊ, 5 मई 2023 : लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में गुरुवार रात खाने के बाद कैंपस में टहल रही छात्रा को सहायक प्रवोस्ट के पालतू कुत्ते ने काट लिया। कुछ समय पहले भी दो बार इस तरह की घटना हो चुकी हैं। इससे नाराज छात्राएं देर रात हास्टल के अंदर विरोध में बैठ गईं। घटना के बाद तुरंत छात्रा को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। घटना के बाद शुक्रवार को सहायक प्रवोस्ट ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया।
घटना गुरुवात रात की है। कैलाश हास्टल में सहायक प्रवोस्ट अपने पालतू कुत्ते को भी वहीं रखती हैं। आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के राज्य उपाध्यक्ष निखिल के मुताबिक एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार सुबह छात्राओं से मिला। घटना के बारे में उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद छात्राएं हास्टल में टहल रही थीं। वहां सहायक प्रवोस्ट का कुत्ता खुला हुआ था, तभी उसने एक छात्रा पर हमला कर उसे काट लिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। छात्रा को बचाने की चक्कर में गार्ड को भी खरोंच आने की बात सामने आई है। हालांकि विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने सिर्फ एक छात्रा को कुत्ते द्वारा काटने की पुष्टि की है।
नाराज छात्राएं विरोध में बैठीं
छात्राओं के मुताबिक हास्टल में इस पालतु कुत्ते ने पहले भी दो बार छात्राओं को काटा था, लेकिन उस समय मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब तीसरी बार किसी छात्रा को काटने के बाद छात्राएं विरोध में देर रात बैठ गईं। आइसा और एबीवीपी की ओर से ट्वीटर पर इसका वीडियो भी वायरल किया गया। घटना के बाद प्रोवोस्ट ने छात्राओं को समझा कर शांत कराया। पालतु कुत्ते को भी हास्टल से हटा दिया गया है।
पानी की समस्या
छात्रावास में परसों शाम चार बजे से पानी की समस्या बन गई। गुरुवार शाम तक जब यह समस्या नहीं दूर हुई। इस पर भी छात्राओं ने नाराजगी जताई। यह घटना दुःखद है। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रा का समुचित उपचार कराएगा। संबंधित शिक्षिका ने सहायक प्रवोस्ट पद से त्यागपत्र दे दिया है
डा. दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रवक्ता, लखनऊ विश्वविद्यालय