google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

छात्रवृत्ति घोटाले में ईडी छात्रों से करेगा पूछताछ

Sep 24, 2023
1 min read

लखनऊ, 24 सितंबर 2023 : बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द कई और छात्रों के बयान भी दर्ज करेगा। सूत्रों का कहना है कि इसके लिए कुछ छात्रों को नोटिस भी दी गई है। विशेषकर दिव्यांग क्रिकेटर विक्रम नाग व उसके करीबियों की भूमिका को लेकर इन छात्रों से सवाल-जवाब होंगे। ईडी छात्रों से पूछताछ के बाद उन्हें गवाह भी बना सकता है।

161 कॉलेजों की जांच शुरू की गई

ईडी ने छात्रवृत्ति घोटाले में हाइजिया समूह के ठिकानों पर हुई छानबीन के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर अपनी जांच का दायरा भी बढ़ाया है। इसी कड़ी में लगभग 161 कालेजों की जांच शुरू की गई है।

हाइजिया समूह के संचालकों व विक्रम नाग से जुड़े एक एनजीओ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इनसे जुड़े रहे दिव्यांग छात्र-छात्राओं का ब्यौरा भी जुटाया गया है। यह भी देखा जा रहा है कि इनके नाम पर किन-किन कालेजों से छात्रवृत्ति का लाभ लिया गया था।

ईडी जल्द दाखिल कर सकती है आरोप पत्र

ईडी ने हाइजिया समूह के संचालकों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया था। माना जा रहा है कि कुछ छात्रों से पूछताछ के बाद जल्द अन्य आरोपितों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल होगा। ईडी ने छात्रवृत्ति घोटाले में लखनऊ के हाइजिया एजुकेशनल ग्रुप के दो संचालकों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद दिव्यांग क्रिकेटर विक्रम नाग को भी गिरफ्तार किया गया था।

छात्रवृत्ति घोटाले में ईडी दिल्ली व लखनऊ की टीमों ने 16 फरवरी को लखनऊ व हरदोई समेत छह शहरों में छापेमारी की थी। ईडी अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति में किए घपले की जांच कर रहा है।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0