google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

गैंगस्टर रमन साहनी पर गिरी गाज, प्रशासन ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति


सीतापुर, 1 जुलाई 2022 : गैंगस्टर रमन साहनी पर पुलिस और प्रशासन ने फिर कार्रवाई का चाबुक चलाया है। अभियुक्त की 6.5 करोड़ की संपत्ति जब्त की। यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर की गई। सदर एसडीएम की मौजूदगी में पुलिस ने अभियुक्त के नौकर के नाम दर्ज जमीन जब्त की। आदेश का बोर्ड लगाया और मुनादी भी कराई गई।

शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे एसडीएम सदर अनिल कुमार, तहसीलदार ज्ञानेंद्र द्विवेदी, सीओ सिटी पीयूष सिंह व कोतवाली प्रभारी टीपी सिंह दल-बल के साथ टेड़वा चिलौला पहुंचे। गैंगस्टर अभियुक्त रमन साहनी पुत्र पेशावरीलाल निवासी लक्ष्मी मार्केट तामसेनगंज के नौकर श्रीकांत पुत्र रघुवीर के नाम दर्ज जमीन को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की। जमीन पर जब्तीकरण का बोर्ड लगाया गया। कोतवाल टीपी सिंह ने मुनादी की। बताया कि अभियुक्त की अन्य संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है। बेनामी संपत्ति की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने कुछ समय पहले भी गैंगस्टर रमन साहनी की संपत्ति जब्त की थी। इस संपत्ति में भी जमीन शामिल थी। नैपालापुर के पास स्थित जमीन पर प्लाटिंग भी की गई थी। मुनादी के समय शहर कोतवाल ने बताया कि अभियुक्त की अपराध से अर्जित संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अभियुक्त ने पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी बेनामी संपत्ति अर्जित की है।

शुक्रवार को जब्त की गई गैंगस्टर की जमीन पर भी प्लाटिंग हो रही थी। प्लाट बेचने के लिए नाली व अन्य निर्माण कराया जा चुका था। प्रशासन ने जब्तीकरण का आदेश लगा दिया है। एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर गैंगस्टर की 6.5 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। अन्य संपत्तियों का चिह्नीकरण किया जा रहा है। जल्द ही जब्त करने की कार्रवाई होगी।

3 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0