google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

एशियाई खेलों में भारत का प्रदर्शन रोमांचकारी, ऐतिहासिक और असाधारण


लखनऊ, 8 अक्टूबर 2023 : एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन और पदकों के शतक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय खिलाड़ियों व देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे भारत के लिए सबसे रोमांचकारी, ऐतिहासिक और असाधारण क्षण करार दिया है। उल्लेखनीय है कि एशियाई खेलों के अंतिम दिन भारतीय खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण समेत कुल 12 पदक अपने नाम किए।

इसके साथ ही भारत ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य समेत कुल 107 पदकों के साथ एशियाई खेलों में अपने अभियान का समापन किया। यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले जकार्ता एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने सर्वाधिक 70 पदक जीते थे।

मुख्यमंत्री ने अपने अधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, ‘खेल जगत में भारत की यात्रा का सबसे रोमांचकारी, ऐतिहासिक व असाधारण क्षण। भारत ने एशियाई खेलों में पदकों का शतक पूरा कर लिया है। देशवासियों को ढेरों बधाई। उन सभी एथलीटों का हार्दिक अभिनंदन, जिनके प्रयासों से यह अभूतपूर्व उपलब्धि प्राप्त हुई है। आप सभी देश का गौरव हैं। जय हिंद।’

योगी ने प्रत्येक स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय टीम और खिलाड़ियों को बधाई दी। पुरुष कबड्डी टीम की जीत पर उन्होंने लिखा, ‘एशियाई खेलों की कबड्डी प्रतिस्पर्धा (पुरुष वर्ग) में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक प्राप्त करने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश को गौरवान्वित करने वाली इस ऐतिहासिक विजय के लिए भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन।’

पहली बार एशियाई खेलों में भाग लेने वाली भारतीय क्रिकेट टीम की विजय पर उन्होंने लिखा, ‘एशियाई खेलों में भारतीय क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक प्राप्त करने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

बैडमिंटन में भारत को पहली बार किसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिलाने वाली पुरुष टीम के सदस्यों के लिए मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘बधाई हो, सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी ने एशियाई खेलों में बैडमिंटन पुरुष युगल के फाइनल में प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक जीता। उनके अविश्वसनीय टीम वर्क और अटूट भावना ने भारत को गौरवान्वित किया है। जय हिंद।’

स्वर्ण जीतने वाली महिला कबड्डी टीम के लिए योगी ने कहा, ‘एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के साथ इतिहास रचने के लिए हमारी महिला कबड्डी टीम को बधाई, जो भारत का 100वां पदक है। उनका कौशल, दृढ़ता और टीम वर्क महिला एथलीटों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करता है। हमारे लिए गर्व का क्षण, जय हिंद।’

तीरंदाजी में एक और स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण ओजस के लिए मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘कंपाउंड तीरंदाजी में ऐतिहासिक उपलब्धि। प्रवीण ओजस देवताले ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि अभिषेक ने रजत पदक जीता। दोनों एथलीटों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई, जय हिंद।’

तीरंदाजी की महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली ज्योति सुरेखा वेन्नाम को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नाम को स्वर्ण पदक हासिल करने और अदिति गोपीचंद स्वामी को एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई। आपकी उल्लेखनीय प्रतिभा और दृढ़ संकल्प उज्ज्वल रूप से चमकता है। हमें आपकी उपलब्धियों पर अविश्वसनीय रूप से गर्व है।’


Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0