google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

मोदी मंत्रिपरिषद विस्तार में यूपी के 7 मंत्री , अब होगा योगी मंत्रिमंडल का विस्तार !



दिल्ली का रास्ता यूपी से ही होकर निकलता है। इस बात को 2014 और 2019 के नतीजे देखकर कोई भी मानेगा ही। इसलिए मोदी मंत्रिपरिषद विस्तार में यूपी के हर हिस्से को साधने का भरपूर प्रयास हुआ। सहयोगियों के साथ साथ जातिगत और क्षेत्रवार अनुपात में मंत्री बनाए गए।


मोदी सरकार में यूपी से अनुप्रिया पटेल, कौशल किशोर, बीएल वर्मा, एसपी सिंह बघेल, पंकज चौधरी, भानु प्रताप वर्मा और अजय मिश्रा शामिल किए गए हैं।


सांसद कौशल किशोर ने ली राज्यमंत्री की शपथ


लखनऊ के कालीचरण डिग्री कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद कौशल किशोर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं।


अनुप्रिया पटेल ने ली मंत्री पद की शपथ


उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की सांसद व अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री बनीं हैं। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। 2014 में भी अनुप्रिया केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री रह चुकी हैं।


पंकज चौधरी ने ली शपथ


महराजगंज से भाजपा सांसद पंकज चौधरी को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया है। पंकज ने लोकसभा का चुनाव छठवीं बार जीता है। पीएम मोदी की पहली कैबिनेट विस्तार उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री पद की शपथ ली।


एसपी सिंह बघेल बने केंद्रीय राज्यमंत्री


आगरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल (सत्य पाल सिंह बघेल) केंद्र सरकार में मंत्री बन गए हैं। बघेल राज्यमंत्री बनाए गए हैं।


भानु प्रताप बने मंत्री


जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय सीट से पांचवीं बार सांसद चुने गए भानु प्रताप वर्मा को मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। भानु बुंदेलखंड से अकेले मंत्री हैं। इस कारण जनपद जालौन को ही नहीं पूरे क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। भानु के राजनैतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1988 से हुई थी।


सांसद अजय मिश्र टेनी ने ली शपथ


लखीमपुर खीरी से सांसद अजय मिश्र टेनी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। उन्हें केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। अजय मिश्र टेनी लगातार दूसरी बार खीरी संसदीय सीट से लोकसभा सांसद बने हैं।


राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा बने राज्यमंत्री


राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। बदायूं के उझानी ब्लाक के ज्योरा पारवाला गांव के रहने वाले बीएल वर्मा 1980 में आरएसएस के खंड कार्यवाह रहे थे। बीएल वर्मा को पिछले साल ही भाजपा ने राज्यसभा का टिकट देकर संसद भेजा था।


क्या यूपी में होगा मंत्रिमंडल विस्तार


केंद्रीय मंत्रिपरिषद मे फेरबदल और विस्तार के बाद अब कयास लग रहे हैं कि यूपी में संतुलन साधने के लिए योगी सरकार कुछ चेहरे अंदर बाहर कर सकती है। अगर बाहर ना भी करे तो भी कुछ उम्मीद बांधने और बंधाने का फायदा 2022 के चुनाव में मिल सकता है।


ऐसे में योगी मंत्रिमंडल में खराब परफॉर्मेंस वाले मंत्री हटाए भी जा सकते हैं।


ऐसी संभावना है कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद योगी मंत्रिमंडल में आंशिक फेरबदल किया जा सकता है।

टीम स्टेट टुडे


विज्ञापन

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0