google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग, NCP और कांग्रेस MLA ने द्रौपदी मुर्मू को दिया वोट


नई दिल्ली, 18 जुलाई 2022 : देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए चुनाव हो रहा है। संसद भवन और राज्य की विधानसभाओं में वोटिंग जारी है। पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा कई सांसद और केंद्रीय मंत्री वोट डाल चुके हैं। कई राज्यों के सीएम भी मतदान कर चुके हैं।

राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है। वोटों का गणित देखे तो द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की मानी जा रही है। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनती हैं तो वह आदिवासी समुदाय की देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली पहली शख्सियत होंगी। मतदान के बाद सभी राज्यों से मत पेटियां दिल्ली लाई जाएंगी और 21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग हुई है। एनसीपी विधायक ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने कहै कि मैंने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी डाला वोट

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक संख्या के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी। सभी प्रतिनिधियों ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है।

ओपी राजभर ने दिया मुर्मू को वोट

सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना वोट दिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ होकर जाता है।

सीएम मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज देशभर में सभी देशों की विधानसभाओं में मतदान हो रहा है। NDA और UPA दोनों के राष्ट्रपति के उम्मीदवार का गणित पूरे देश को पता है और मैं विश्वास कर सकता हूं कि जब परिणाम आएंगे तो उसमें NDA की उम्मीदवार को चुना जाएगा।

केरल के सीएम ने किया मतदान

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में विधानसभा में अपना वोट डाला। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।

द्रौपदी मुर्मू योग्य महिला- बोम्मई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को बहुत समर्थन मिला है। न केवल एनडीए और उसके गठबंधन, यहां तक कि अन्य पार्टी भी उनका समर्थन कर रही हैं क्योंकि द्रोपुदी मुर्मू योग्य और प्रतिबद्धता वाली महिला हैं।

आदित्य ठाकरे बोले- उपयुक्त उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को ही डालेंगे वोट

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने आज एक बार फिर द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की बात दोहराई है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राष्ट्रपति चुनाव किसी भी राजनीतिक चुनाव से अलग होते हैं। यह सर्वोच्च पद है और एक उपयुक्त उम्मीदवार के लिए वोट डाला जाना चाहिए।

'गोवा से सभी वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलेंगे'

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद सावंत ने कहा कि गोवा से 100% लोग राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालेंगे। मुझे यकीन है कि मेरे राज्य से द्रौपदी मुर्मू के लिए सभी वोट डाले जाएंगे।

3 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0