लखनऊ, 14 जुलाई 2022 : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से नाराज चल रहे उसके प्रमुख सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की है। राजभर ने इस मुलाकात की कुछ तस्वीर ट्वीट कर शेयर की है, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारे में फिर नई चर्चा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद से ही सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव पर जुबानी हमले कर रहे हैं। बीते कुछ दिनों से राजभर के गठबंधन से अलग होने की अटकलें भी चल रही हैं। इसी बीच मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया। इसी क्रम में बुधवार को राजभर उनके मुलाकात के लिए पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
ओपी राजभर के बेटे अरुण राजभर ने इस मुलाकात पर कहा कि उनकी पत्नी का निधन हुआ था। उसी को लेकर ओपी राजभर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने गए थे। मुलायम सिंह यादव ने राजभर से यह भी पूछा कि सब ठीक चल रहा है। नेताजी हमेशा कहते हैं कि मेहनत करो। हम लोग लगातार मेहनत कर रहे हैं। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए अरुण राजभर ने कहा कि सपा और सुभासपा एक दूसरे की सहयोगी हैं। हमारे गठबंधन में रालोद भी शामिल है। अगर किसी बैठक में एक सहयोगी को बुलाया जाएगा और दूसरे को नजरअंदाज किया जाएगा तो कोई भी आपत्ति दर्ज करेगा ही।
अरुण ने कहा कि हम लोग विपक्ष की पार्टियां हैं। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के साथ विपक्ष की सभी पार्टियों के साथ बैठक होनी चाहिए। बैठक में पहले हमें भी बुलाया गया। फिर अचानक कह दिया गया कि बैठक रद हो गई है, जबकि ऐसा नहीं हुआ था। बता दें कि रामपुर व आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा की जबरदस्त हार के बाद से ही राजभर और अखिलेश के बीच तनातनी दिख रही है। राजभर ने उपचुनाव में सपा की हार का ठीकरा सीधे अखिलेश पर फोड़ दिया था। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की हार से अखिलेश ने कोई सबक नहीं लिया। उपचुनाव में वे एसी कमरे से बाहर नहीं निकले। इसके बाद अखिलेश ने भी पलटवार करते हुए कहा था कि उन्हें किसी की सलाह की जरूरत नहीं है।
Comments