google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

सुभासपा ने किया UCC का समर्थन, बोले- हमारे बगैर नहीं बनेगी दिल्ली की सरकार


लखनऊ, 2 जुलाई 2023 : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया है। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डा. अरविन्द राजभर ने शनिवार को समीक्षा बैठक में पार्टी का पक्ष साफ करते हुए कहा कि जो कानून देश हित में होगा हम उसका समर्थन करेंगे क्योंकि समान नागरिक संहिता सभी धार्मिक समुदायों पर लागू होने के लिए एक देश एक कानून होने की बात करता है।

संविधान के अनुच्छेद 44 में भी भारत के सभी नागरिकों को एक समान नागरिक संहिता को सुनिश्चित करने को कहा गया है। रविंद्रालय सभागार में बुलाई गई प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाला समय उनकी पार्टी का ही है। बिना सुभासपा को साथ लिए किसी भी दल के लिए दिल्ली की सत्ता हासिल करना संभल नहीं है।

पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेश की 30 से अधिक सीटों पर सुभासपा अपना जनाधार रखती है। विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए राजभर ने कहा कि सरकार में रहते हुए इन्हें पिछडे़, अतिपिछडे़, दलित एवं अतिदलित समाज की याद क्यों नहीं आती ?

सरकार में रहते हुए जातिगत जनगणना की याद इन्हें नहीं आती है। हम पिछले 20 वर्षों से जातिगत जनगणना व सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने की मांग करते आ रहे हैं। बैठक में राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुन राजभर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालिक यादव, अधिवक्ता प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी आदि उपस्थित थे।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0