google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

चलती ट्रेन की AC बोगी में चोरी


लखनऊ, 20 मई, 2023 : गोमतीनगर से बलिया जा रही महिला यात्री की बेटी की सोने की चेन चलती ट्रेन में लूट ली गई। लुटेरा एसी बोगी में चेन लूटने की घटना को अंजाम देने के बाद चलती ट्रेन से कूद गया। पीड़ित महिला यात्री ने इसकी शिकायत पहले ट्विटर पर की। इसके बाद आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्र ने जांच के आदेश दिए।

गोमतीनगर स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। महिला यात्री अनामिका सिंह का ट्रेन 15054 लखनऊ जंक्शन-छपरा एक्सप्रेस की एसी थर्ड बोगी बी-छह की सीट संख्या 54 पर गोमतीनगर से बलिया तक आरक्षण था। ट्रेन रात करीब 10 बजे गोमतीनगर स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन के चलते ही एक लुटेरे ने अचानक महिला यात्री अनामिका सिंह की बेटी के गले में झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन लूट ली। अनामिका सिंह जब तक शोर मचाती, लुटेरा चलती ट्रेन से उतरकर भाग गया। इस घटना की सूचना महिला यात्री की ओर से ट्विटर पर दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्र ने एक टीम गठित की। महिला यात्री से पूरी घटना की जानकारी ली गई और फिर गोमतीनगर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई है।

एसी यात्रियों की सुरक्षा दांव पर

आउटसोर्सिंग पर एसी बोगियों में रखे जाने वाले अटेंडेंट इसके यात्रियों की असुरक्षा का बड़ा कारण बन रहे हैं। इन अटेंडेंट को ठेकेदार हर माह आठ से नौ हजार रुपये ही देता है। ऐसे में अटेंडेंट का इस्तेमाल वसूली करने वाले टीटीई अपने करियर के रूप में करते हैं। यात्रियों से वसूली गई रकम इन अटेंडेंट के पास जमा की जाती हैं। लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों को अटेंडेंट अपने साथ ले जाते हैं। इन बेटिकट यात्रियों के साथ ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले भी बिना टिकट सफर करते हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्र ने बताया कि महिला यात्री की शिकायत पर एक टीम बनाई गई है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई है। हालांकि सीसीटीवी में महिला यात्री और लुटेरा नहीं दिख रहे हैं।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0