google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

यूपी बीजेपी में बड़ा फेरबदल, धर्मपाल बने प्रदेश महामंत्री संगठन, बंसल का प्रमोशन


लखनऊ, 10 अगस्त 2022 : उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी संगठन (UP BJP Organization) में बुधवार को बड़ा बदलाव किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh) को उत्तर प्रदेश में सुनील बंसल (Sunil Bansal) के स्थान पर प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल को प्रमोशन देते हुए राष्ट्रीय महासचिव बनााया है। वह बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना के प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

यूपी में भाजपा को एक के बाद एक ऐतिहासिक सफलताएं दिलाने वाले सुनील बंसल को गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को यूपी से बड़ी जीत दिलाने में महत्वपर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने यूपी में 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान अमित शाह के साथ यूपी संगठन को दुरुस्त करते हुए चुनावी रणनीति सेट की थी।

सुनील बंसल ने 2014 लोकसभा चुनाव के बाद 2017 यूपी विधानसभा चुनाव, 2019 लोकसभा चुनाव और फिर 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दिलाने का काम किया है। यूपी में 2014 से पहले पार्टी संगठन की स्थिति बहुत दयनीय थी, लेकिन सुनील बंसल ने बूथ स्तर पर संगठन के ढांचे को मजबूत किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धर्मपाल सिंह को यूपी में प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया है। धर्मपाल सिंह को लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में काम करने का अनुभव है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के ही रहने वाले हैं। मैकेनिकल इंजीनियर की पढ़ाई करने के बाद धर्मपाल ने 1986 में राजनीति में प्रवेश किया था।

धर्मपाल वर्ष 1986 में विद्यार्थी परिषद में आए थे और 1990 में पूर्णकालीन कार्यकर्ता के रूप में कार्य शुरू किया था। उनको सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके कार्यों के देखते हुए ही 2017 में झारखंड का भाजपा संगठन महामंत्री बनाया गया था। उन्होंने पांच वर्षों तक झारखंड में संगठन को मजबूती प्रदान की और अब उनको नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एक नजर में पढ़ें धर्मपाल की प्रोफाइल

§ धर्मपाल 1990 से विद्यार्थी परिषद में पूर्णकालिक रहे।

§ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संयुक्त क्षेत्रीय संगठन मंत्री रहे।

§ उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, ब्रज और पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री रहे।

§ 2017 के विधानसभा चुनावों में संघ की ओर से बीजेपी के लिए काम किया।

§ जुलाई 2017 में झारखंड में भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिली।

§ पहली बार नगर निगमों, जिला परिषदों में बीजेपी को जीत दिलाई।

§ 2020 के बिहार विधानसभा, 2021 के असम विधानसभा और 2022 के उत्तर विधानसभा चुनावों में भी बीजेपी को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।

0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0