google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

यूपी डीजीपी के निर्देश, बोले- महिला पुलिसकर्मी करें महिलाओं की शिकायतों की जांच


लखनऊ, 30 जून, 2023 : महिला बीट पुलिस अधिकारियों की सक्रियता को और बढ़ाया जाएगा। डीजीपी विजय कुमार ने महिलाओं की शिकायतों की जांच प्राथमिकता पर महिला उपनिरीक्षकों व आरक्षियों से कराए जाने का निर्देश दिया है। उन्हें जांच टीम में शामिल किया जाए। कहा कि महिला बीट आरक्षी सप्ताह में दो बार अपनी बीट में अवश्य जाएं।

महिला पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता के साथ महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित कराएं। डीजीपी ने पिंक बूथ को पुलिस चौकी के रूप में विकसित किए जाने का निर्देश भी दिया। डीजीपी ने महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान के संपन्न होने के उपरांत शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कई निर्देश दिए।

कहा कि बीट आरक्षी अपनी-अपनी बीट में महिला संबंधी अपराधों के दृष्टिगत हाट स्पाट चिन्हित करें। महिला सशक्तिकरण के लिए महिला बीट पुलिस अधिकारियों व महिला हेल्प डेस्क द्वारा 12 से 26 जून तक चलाए गए अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 32 पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

अभियान के दौरान बुलंदशहर में वृद्ध महिला ने जन-चौपाल में आर्थिक तंगी के चलते बिजली कनेक्शन न होने की पीड़ा बताई थी, जिस पर सहायक पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर वृद्धा के घर में बिजली का कनेक्शन लगवाया।

रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में चौपाल के दौरान नहर में पानी न आने की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर पानी की आपूर्ति बहाल कराई। अयोध्या में बीट भ्रमण के दौरान महिला आरक्षी कल्पना शुक्ला ने पांच निराश्रित बच्चों को मुख्यमंत्री बाल विकास योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया।

कांफ्रेंसिंग के दौरान ऐसे अन्य सराहनीय कार्यों की भी चर्चा की गई। अभियान के दौरान महिला बीट अधिकारियों ने 92,605 गांवों का भ्रमण कर कुल 78,414 चौपालों का आयोजन कराया, जिनमें 15.58 लाख से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की।

थानों की महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त 30,948 शिकायतों में 27,149 का निस्तारण कराया गया। मथुरा, फतेहपुर, बांदा, महोबा, बरेली, बदायूं, बिजनौर, रामपुर, झांसी, ललितपुर, उन्नाव, चंदौली गाजीपुर, जौनपुर व गाजियाबाद में शतप्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कराया गया।

1 view0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0