google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
chandrapratapsingh

यूपी की सभी 80 सीटें जीतने को भाजपा बूथ प्रबंधन को देगी धार, बन गई रणनीति


लखनऊ, 8 जुलाई 2022 : लोकसभा चुनाव 2022 में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने बूथ प्रबंधन को तो धार देगी ही, पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर भी जोर रहेगा। लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए पार्टी के नेता और पदाधिकारी जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाएंगे।

शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों को हैदराबाद में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी दी गई। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में भी चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने 20 जुलाई तक भाजपा के 98 संगठनात्मक जिलों में बैठकें करने का निर्देश दिया ताकि राष्ट्रीय कार्यसमिति की ओर से पारित प्रस्तावों की जानकारी नीचे तक पहुंच जाए। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। यह बैठकें जिला प्रभारी लेंगे।

हारे हुए 22 हजार बूथों को जीतने पर मंथन : बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत चिन्हित किये गए उन 22 हजार बूथों पर भी फोकस रहा जिनमें भाजपा लोक सभा और विधान सभा चुनावों में हारी है। हारे हुए इन बूथों पर पार्टी के सांसद और विधायक संपर्क कार्य में जुटे हैं। इसमें और तेजी लाने पर जोर दिया गया। प्रदेश के जिन 14 लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के सांसद नहीं हैं, उनमें शुक्रवार आठ जुलाई से केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास प्रारंभ होंगे। बैठक में बताया गया कि जिला व मंडल के प्रशिक्षण कार्यक्रम हो चुके हैं। इसके बाद 15 अगस्त तक मोर्चों के प्रशिक्षण होंगे। 21 अगस्त के बाद प्रदेश का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।

मंडल स्तर पर बनाएं वाट्सएप ग्रुप : पदाधिकारियों को मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक वाट्सएप ग्रुप बनाने का मंत्र दिया गया ताकि निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं को तेजी से सूचनाएं दी जा सकें। पदाधिकारियों को यह भी हिदायत दी गई कि वाट्सएप ग्रुप से ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को जोड़ें, सिर्फ पार्टी के नेताओं को नहीं।

बूथ पर जाकर जनता के साथ देखें मन की बात : बैठक में इस बात पर आपत्ति जताई गई कि पार्टी के दिशानिर्देश के विपरीत कई नेता हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को घर में बैठकर या अन्यत्र देखते हैं, बूथ पर जाकर नहीं। पदाधिकारियों को ताकीद किया गया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ पर जाकर मन की बात कार्यक्रम को बूथ की टोली और आम जनता के साथ ही सुनें।

हर घर तिरंगा अभियान : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भाजपा स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के सभी परिवारों में तिरंगा झंडा पहुंचाने का अभियान प्रारंभ करेगी। पार्टी प्रदेश के हर घर में 15 अगस्त को तिरंगा फहरा कर आजादी के अमृत महोत्सव को अविस्मणीय बनाएगी।

बुद्धिजीवियों-युवाओं के बीच मोदी की चर्चा : भाजपा पदाधिकारियों को 'मोदी ऐट द रेट 20' नामक पुस्तक को पढ़ने की नसीहत दी गई। पुस्तक के अध्ययन के बाद हर जिले में दो कार्यक्रम आयोजित कर इस किताब की विषयवस्तु पर चर्चा करने पर जोर दिया गया। एक कार्यक्रम 500 से ज्यादा गैर भाजपाई बुद्धिजीवियों के बीच और दूसरा उच्च शिक्षण संस्थान में युवाओं के बीच आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

2 views0 comments

Comentarios


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0