google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

500 लोगों के मतांतरण करने का कार्यक्रम, धार्मिक गुरु बोले- बदल दें अपना धर्म




संभल, 23 अप्रैल 2022 : उत्तर प्रदेश के जनपद सम्भल के एचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र में एक युवक ने कुछ दिनों पहले अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। अब वह दूसरे लोगों को भी धर्म परिवर्तन करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके लिए उसने गुरुवार को दूसरे धर्म के धर्म गुरुओं को बुलाकर अपने घर पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उसने 500 से अधिक लोगों को एकत्र कर लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

गांव झंडे वाली मिलक निवासी युवक बबलू ने कुछ दिनों पहले अपना धर्म परिवर्तन कर लिया था। धर्म परिवर्तन करने के बाद उसे उस धर्म का धर्मगुरु बना दिया था। तभी से वह रुपये का लालच देकर व उस धर्म की अच्छाई गिनाकर अन्य लोगों से भी धर्म परिवर्तन करने की बात कह रहा था। गुरुवार को बबलू ने अपने घर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में उसने कुछ धर्म गुरुओं को भी बुला लिया। कार्यक्रम में 500 से अधिक लोग जुटे।

उन लोगों को उस धर्म की अच्छाई गिनाई जा रही थी और उन्हें भी धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस मामले की जानकारी जब कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को लगी तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। गांव तुर्तीपुर निवासी भगवत ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया है कि बबलू मेरे बेटे का भी धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहा है।

पुलिस ने भगवत की तहरीर पर बबलू निवासी झंडे वाली मिलक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष पुष्कर मेहरा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बबलू ने काफी दिन पहले धर्म परिवर्तन कर लिया था। आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0