google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
chandrapratapsingh

विधायकों की ओर से उठाई गईं समस्याओं के लिए जवाबदेह होंगे विभाग


लखनऊ, 21 फरवरी 2023 : विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोमवार को सदन में घोषणा की कि बजट सत्र के दौरान यदि सदस्य सहमत होंगे और कोरम रहेगा तो वह विधान सभा की कार्यवाही का देर रात तक संचालन करेंगे। चाहे रात के 10 बजे जाएं या 12। सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधान सभा की कार्यवाही शुरू होने पर महाना सदन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार सत्र लंबा है और वह चाहते हैं कि सदन में पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों को बोलने का मौका मिले। इसलिए सदन की कार्यवाही देर रात तक चलाने से वह हिचकेंगे नहीं।

महाना ने कहा कि सदन में विधायकों की ओर से विभिन्न समस्याओं को लेकर दिये गए वक्तव्यों को विधान सभा सचिवालय संबंधित विभागों को भेजेगा। उद्देश्य यह है कि इससे समस्याओं का निराकरण हो सकेगा और विभागों की जवाबदेही भी तय होगी। गौरतलब है कि विपक्ष ही नहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों को भी यह शिकायत रही है कि उनके वक्तव्यों पर सरकार कार्रवाई नहीं करती है।

नई कार्य संचालन नियमावली जल्द

महाना ने बताया कि विधान सभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली में संशोधन किया जा रहा है। नियमावली समिति इसे देख रही है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से विचार विमर्श कर नियमावली के संशोधित ड्राफ्ट को यथाशीघ्र विधान सभा के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

चुनेंगे उत्कृष्ट विधायक

महाना ने कहा कि उत्कृष्ट सांसद की तर्ज पर विधान सभा में उत्कृष्ट विधायक चुना जाएगा। इसकी नियमावली बन गई है। इसी सत्र में सदन से उसे पारित कराया जाएगा।

24 घंटे पोर्टल पर प्रश्न दर्ज करा सकेंगे विधायक

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल के लिए अब सदस्यों के प्रश्न लेने की आनलाइन व्यवस्था भी है। इसके लिए एक पोर्टल है लेकिन अभी इस पर शाम तक ही प्रश्न दर्ज कराये जा सकते हैं। विधायकों की मांग पर अब ऐसी व्यवस्था की गई है कि पोर्टल पर 24 घंटे प्रश्न दर्ज कराये जा सकते हैं।

विधायकों के लिए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन पर वाहन की व्यवस्था

महाना ने यह भी घोषणा की कि सत्र के दौरान दूरदराज से आने वाले विधायकों की सुविधा के लिए लखनऊ एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर वाहन की व्यवस्था की जाएगी। यह वाहन सदस्यों को उनके आवास या विधान भवन तक छोड़ेगा। इस वाहन को कहीं और ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सदस्यों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर हेल्पडेस्क स्थापित की जाएगी।

डिजिटल वीथिका में होंगे गाइडेड टूर

महाना ने कहा कि विधान भवन में स्थापित की गई विधायी डिजिटल वीथिका सत्र के दौरान विधान सभा सदस्यों के लिए खुली रहेगी। सदस्यों के वीथिका भ्रमण के लिए वह जल्द ही दिशानिर्देश जारी करेंगे। वहीं नागरिकों के लिए भी वीथिका के गाइडेड टूर होंगे। वीथिका भ्रमण के लिए लोगों से आवेदन प्राप्त करने के लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर लोगों को वीथिका भ्रमण की अनुमति दी जाएगी।

1 view0 comments

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0