google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

यूपी के कई जिलों में उपद्रव, हथगोले चले, फायरिंग हुई, पुलिस ने कहीं लिया एक्शन तो कहीं बनी तमाशबीन



उत्तर प्रदेश में 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन हो रहे हैं। प्रदेश के अलग अलग जिलों में जम कर बवाल हुआ है। स्थिति ऐसी बनी कि कहीं बीजेपी तो कहीं एसपी और कहीं पुलिस पत्थर खाती नजर आई।


बीजेपी और एसपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए संघर्ष में पुलिस ने कई जगहों पर जमकर लाठियां चटकाईं है। कुछ स्थान ऐसे भी रहे जहां पुलिस सिर्फ तमाशबीन बनी रही। कन्नौज, इटावा, बांदा, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, उन्नाव, सीतापुर जैसे जिलों से हिंसा की खबरें है।



सीतापुरः

सीतापुर के थाना कमलापुर इलाके में कसमंडा ब्लॉक में नामांकन के दौरान बवाल हुआ। नामांकन करने जा रही भाजपा से बागी उम्मीदवार को रोकने के लिए फायरिंग के अलावा हथगोले तक चल गए। भगदड़ मची तो पुलिस ने लोगों पर लाठियां भांजी। घटना के बाद तनाव है।


उन्नाव:

उन्नाव ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान नवाबगंज और असोहा में बवाल हो गया। नवाबगंज में बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच संघरष हुआ। यहां भी पुलिस ने लाठियां पटक कर समर्थकों को खदेड़ा।


कन्नौज:

कन्नौज जिले के ब्लॉक तालग्राम में एसपी और बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थकों में नामांकन करने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव हो गया। पुलिस ने लाठियां भांज कर लोगों को खदेड़ा।


बहराइचः

बलहा ब्लॉक के प्रमुख प्रत्याशी के नामांकन में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद नामांकन स्थल विकासखंड बलहा में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह पहुंचे।


फतेहपुरः

फतेहपुर जिले में तेलियानी ब्लॉक के नामांकन में समाजवादी पार्टी और बीजेपी के समर्थकों के बीच संघर्ष हुआ। यहां पुलिस तमाशा देखती रही।




फर्रुखाबाद:

फर्रुखाबाद में राजेपुर ब्लॉक प्रमुख के नामांकन करने आए भाजपा प्रत्याशी पल्लव सिंह सोमवंशी के काफिले को राजेपुर तिराहे पर बैरियर पर लगे पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। विधायक सुशील शाक्य की गाड़ी निकाली गई। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह की गाड़ी भी निकल गई थी। प्रत्याशी की गाड़ी रोके जाने की जानकारी पर पूर्व जिला अध्यक्ष वापस आए और कहासुनी के बाद प्रत्याशी की गाड़ी जा सकी।


इटावाः

इटावा के चकरनगर में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान एसपी प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर यादव ने फायरिंग की। जिससे बीजेपी प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव घायल हो गए। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा।


चित्रकूटः

चित्रकूट जिले के सभी 5 ब्लॉकों में नामांकन के दौरान मानिकपुर में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी आरोप लगाया कि उनके प्रत्याशी और समर्थकों को नामांकन करने से रोका जा रहा है। समर्थकों ने पहले सड़क पर जाम लगाया और अब नामांकन कक्ष के अंदर भी लोगों को नहीं घुसने दिया जा रहा है।


बांदाः

बांदा के नरैनी ब्लॉक कार्यालय में नामांकन को आए सपा प्रत्याशी के समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद यहां विवाद शुरू हो गया।


जालौनः

जालौन जिले के माधोगढ़ ब्लॉक में पुलिस से बीजेपी की झड़प हो गई। यहां बीजेपी के नेता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते दिखे।


एटा:

एटा जिले के मारहरा ब्लॉक में नामांकन के दौरान बवाल हो गया। पुलिस ने अराजक तत्वों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद आधे घंटे तक ब्लॉक में अफरातफरी का माहौल बना रहा। जान बचाने के लिए अफसर और कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर छिप गए। मुश्किल से भीड़ पर नियंत्रण पाया जा सका। एसपी और बीजेपी ने एकदूसरे पर हिंसा का आरोप लगाया है।


मैनपुरी:

मैनपुरी जिले के विकास खंड जागीर में नामांकन के दौरान बीजेपी और एसपी समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। भाजपा समर्थकों ने सपा विधायक बृजेश कठेरिया की गाड़ी को घेर लिया और एक गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अशोक कुमार राय के आने तक उपद्रवी भाग निकले।


बागपतः

बागपत जनपद में छपरौली ब्लॉक पद के लिए राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार अंशु ने नामांकन किया। अंशु इससे पहले भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। पुलिस पर नामांकन करने से रोकने के प्रयास का आरोप लगाते हुए रालोद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने जमकर हंगामा किया। पुलिस से उनकी जमकर नोकझोंक भी हुई।





बिजनौरः

बिजनौर के धामपुर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कुसुम रघुवंशी का दूसरे पक्ष से बवाल हो गया। प्रत्याशी डॉ. कुसुम ने महिला समर्थकों के साथ बैंक में घुसकर जान बचाई। उनको काफी चोट आई हैं। इसके बाद पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा घेरे में लेकर उनका नामांकन कराया। वहीं अधिकारियों की मौजूदगी में एक युवक उनका नामांकन पत्र लेकर फरार हो गया।


आजमगढ़ः


आजमगढ़ जिले के पवई ब्लॉक पर भाजपाइयों ने जमकर तांडव मचाया। यहां भी संघर्ष सपा और बीजेपी के बीच हुआ। पुलिस ने लाठियां भांज कर उपद्रव कर रहे लोगों को हटाया।


झांसी:


झांसी के बड़ागांव और चिरगांव ब्लॉक में जमकर हंगामा हुआ। एसपी और बीजेपी के संघर्ष में पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। इस बीच बंगरा और गुरसराय ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। यहां केवल भाजपा प्रत्याशियों ने ही पर्चे दाखिल किए। जबकि, जिले के अन्य 6 ब्लॉकों में सपा और भाजपा आमने-सामने हैं।


संभलः

संभल में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन प्रक्रिया कहीं शांतिपूर्ण तरीके से की गई तो कहीं नोंकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं की अधिक भीड़ जमा होने पर पुलिस ने लाठी से दौड़ा दिया, जिसके कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


संतकबीर नगरः

बेलहर ब्लॉक में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ंत हो गई। इसी बीच पुलिस ने भी लाठियां भांजी। जिसमें पूर्व मंत्री और प्रत्याशी रिकेश्वर राय को चोटें आईं। दोनो पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। बड़ी मशक्कत के बाद प्रत्याशी रिकेश्वर राय पर्चा दाखिल करने अंदर जा पाए।


बस्ती:

दुबौलिया में नामांकन के दौरान हुए बवाल के बाद डीएम सौम्या अग्रवाल व एसपी आशीष श्रीवास्तव पहुंचे। काफी देर चले हंगामे के बाद सपा नेता तालेवन यादव की पत्नी गीता देवी ने किया नामांकन किया।


टीम स्टेट टुडे


विज्ञापन

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0