google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

चौराहों पर लगेगी समाज के दुश्मनों की तस्वीर- सीएम योगी ने लांच किया मिशन शक्ति



देवीपाटन मंदिर में मत्था टेकने के बाद बलरामपुर में पुलिस लाइन में योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति का आगाज किया। उत्तर प्रदेश में महिला, बहन व बेटियों के साथ बढ़ते अपराध को लेकर बेहद गंभीर हो चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर में बड़ी घोषणा की।


सीएम योगी आदित्यनाथ ने रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित समारोह में कहा कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश भर में शोहदों व मनचलों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। इसके साथ ही सभ्य समाज के दुश्मनों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा एवं विघटनकारियों को कठोर सजा का संदेश देने के लिए यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने वादा किया कि बिटिया के दुष्कर्मियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र ही कठोर सजा दिलाई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। प्रदेश के सभी थानों में एक विशेष कमरे में महिला हेल्पडेस्क बनाया जाएगा। यहां महिला अधिकारी व सिपाही की तैनाती होगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की हर बेटी-हर महिला का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश में जो लोग नारी गरिमा और स्वाभिमान को दुष्प्रभावित करने की कोशिश करेंगे, बेटियों पर बुरी नजर डालेंगे, उनके लिए उत्तर प्रदेश की धरती पर कोई जगह नहीं है। यह लोग सभ्य समाज के लिए कलंक हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ऐसे अपराधियों से पूरी कठोरता से निपटेगी, इनकी दुर्गति तय है।


यह बड़ा अभियान तीन चरण में 180 दिनों तक चलेगा। जिसमें प्रदेश के 24 विभागों का सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही इस अभियान से अंतरराष्ट्रीय व स्थानीय सामाजिक संगठन अभियान से जुड़ेंगे। शक्ति के स्वरूप का अहसास कराने के लिए यूपी में अब 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। उन्होंने कहा कि बलरामपुर के गैंसड़ी क्षेत्र में हुई घटना दु:खद है। बिटिया के साथ बर्बरता की गई है। उस बेटी के सम्मान और अपार श्रद्धा के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत बलरामपुर देवीधाम से की गई है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्हें विकास अच्छा नहीं लगता है, जिन्हें देश में गरीबों का उत्थान अच्छा नहीं लगता है, वो ही लोग सरकार की नीतियों पर भी प्रश्न खड़ा कर रहे हैं। वो देश की सुरक्षा के सामने स्वयं प्रश्न खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। यह लोग देश के दुश्मनों की भाषा बोलने का कार्य कर रहे हैं।


टीम स्टेट टुडे


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0